Microsoft Bing Video Creator: माइक्रोसॉफ्ट ने अपने Bing मोबाइल ऐप (iOS और Android) में एक नया फीचर Bing Video Creator पेश किया है, जो OpenAI के एडवांस वीडियो जनरेशन मॉडल Sora पर आधारित है। इस टूल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पहली बार आम यूजर्स के लिए बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराया गया है। यानी आप इस टूल को एकदम फ्री में इस्तेमाल कर सकते हैं।
Sora अब तक केवल प्रीमियम ग्राहकों के लिए सीमित था, लेकिन माइक्रोसॉफ्टऔर OpenAI के बीच गहरे होते सहयोग और अरबों डॉलर की साझेदारी के चलते इसे अब फ्री में उपयोग किया जा सकता है। यह उसी दिशा में एक और कदम है जिसमें माइक्रोसॉफ्ट पहले DALL·E इमेज जनरेटर को भी Bing में जोड़ चुका है।
मोबाइल यूजर्स के लिए उपलब्ध
Bing Video Creator का शुरुआती वर्जन फिलहाल केवल मोबाइल ऐप में उपलब्ध है, लेकिन जल्द ही इसे डेस्कटॉप और Copilot Search में भी शामिल किया जाएगा। यूजर्स ऐप के मेनू में मौजूद “Video Creator” विकल्प से या फिर सर्च बार में “Create a video of…” जैसे कमांड लिखकर इस फीचर का उपयोग कर सकते हैं।
यह AI आधारित टूल फिलहाल 5 सेकंड के छोटे वीडियो वर्टिकल (9:16) फॉर्मेट में तैयार करता है, जो Instagram Reels और YouTube Shorts जैसे प्लेटफॉर्म्स के लिए उपयुक्त है। माइक्रोसॉफ्टने बताया है कि जल्द ही यह टूल हॉरिजॉन्टल (16:9) फॉर्मेट को भी सपोर्ट करेगा।
केवल इतने वीडियो बना सकेंगे फ्री
शुरुआत में यूजर्स को 10 Fast मोड वीडियो जनरेशन फ्री मिलते हैं। इसके बाद प्रत्येक Fast वीडियो के लिए 100 माइक्रोसॉफ्ट Rewards पॉइंट्स की आवश्यकता होगी, जो Bing सर्च या माइक्रोसॉफ्ट Store से खरीदारी कर अर्जित किए जा सकते हैं। हालांकि, Standard (धीमी) जनरेशन पूरी तरह से फ्री रहेगी, लेकिन इसमें अधिक समय लग सकता है।
माइक्रोसॉफ्ट का यह कदम उन क्रिएटर्स, स्टोरीटेलर्स और डिजिटल यूजर्स के लिए एक बड़ी सौगात है, जो कम संसाधनों में भी हाई क्वालिटी वाला वीडियो कंटेंट तैयार करना चाहते हैं। हालांकि, इस टूल की शुरुआत में कुछ विवाद भी सामने आए हैं, जैसे कि YouTube के CEO द्वारा डेटा उपयोग को लेकर चिंता व्यक्त करना और शुरुआती यूजर्स द्वारा कुछ सीमाओं की ओर इशारा करना।
इसके बावजूद, माइक्रोसॉफ्ट का यह प्रयास जनरेटिव AI टूल्स को लोकतांत्रिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है- ठीक वैसे ही जैसे दो साल पहले इमेज जनरेशन के क्षेत्र में किया गया था।
