Apple के अपकमिंग iPhone 18 Pro को लेकर एक बार फिर कीमत से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है। ग्लोबल मेमोरी चिप की कमी के बीच नए iPhone की कीमत बढ़ने की आशंका पहले से जताई जा रही थी। अब TrendForce की नई रिपोर्ट ने इस बढ़ोतरी का अनुमान भी बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone 18 Pro के बिल ऑफ मैटेरियल्स (BOM) की लागत 38% तक बढ़ सकती है। ऐसे में फोन की रिटेल कीमत बढ़ना लगभग तय माना जा रहा है।
256GB मॉडल की लागत में हो सकती है बड़ी बढ़ोतरी
TrendForce के मुताबिक, iPhone 18 Pro के 256GB स्टोरेज मॉडल की BOM लागत उसके पिछले मॉडल की तुलना में करीब 38% ज्यादा हो सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए iPhone 18 Pro की रिटेल कीमत बढ़ना 'अनिवार्य' हो सकता है।
पिछले कुछ अनुमानों में दावा किया गया था कि 256GB स्टोरेज वाला बेस iPhone 18 Pro 1,399 डॉलर तक की कीमत के साथ बाजार में आ सकता है। हालांकि, Apple की ओर से अभी इसकी आधिकारिक कीमत की घोषणा नहीं की गई है।
RAM और स्टोरेज पर बढ़ रहा खर्च
iPhone 18 Pro की बढ़ती लागत के पीछे सबसे बड़ी वजह मेमोरी कंपोनेंट्स बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, फोन की RAM और स्टोरेज की लागत कुल BOM का करीब 34% तक हो सकती है। मेमोरी चिप की वैश्विक कमी के चलते आने वाले समय में यह हिस्सा और बढ़ सकता है।
TrendForce का अनुमान है कि 2027 की पहली छमाही तक RAM और स्टोरेज की लागत iPhone के कुल BOM का 42% तक पहुंच सकती है। तुलना करें तो एक साल पहले iPhone 17 Pro की BOM लागत में इन कंपोनेंट्स की हिस्सेदारी केवल करीब 10% थी।
Apple खुद उठा सकता है बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा
बढ़ती कंपोनेंट लागत का पूरा बोझ ग्राहकों पर डालने के बजाय Apple इसका कुछ हिस्सा खुद उठाने की कोशिश कर सकता है। TrendForce का मानना है कि कंपनी अपनी प्रॉफिट मार्जिन को कम करके बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा खुद वहन कर सकती है।
हालांकि, अगर मेमोरी चिप की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी रहती है, तो Apple के लिए कीमत को मौजूदा स्तर पर बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में iPhone 18 Pro खरीदने वाले ग्राहकों को पिछले मॉडल की तुलना में ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।
लॉन्च के समय सीमित हो सकती है उपलब्धता
मेमोरी चिप की कमी का असर सिर्फ कीमत पर ही नहीं, बल्कि iPhone 18 Pro की उपलब्धता पर भी पड़ सकता है। पहले सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ग्लोबल मेमोरी शॉर्टेज के कारण लॉन्च के समय नए iPhone Pro मॉडल की सप्लाई सीमित रह सकती है।
