इस समय BAT BMS ऐप जमकर सुर्खियों में बना हुआ है। दरअसल इस समय ऐसी कई खबरें सामने आ रही हैं जिसमें कहा जा रहा है इस ऐप की मदद से सड़क पर चलते हुए ई-रिक्शा को अचानक बंद किया जा रहा है। इसको लेकर सोशल मीडिया में कई सारे वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। मामला बढ़ता देख अब सरकार ने इसको लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। IT मंत्रालय की तरफ से अब इस ऐप को लेकर गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर को निर्देश दिए गए हैं।
आईटी मंत्रालय ने BAT BMS ऐप को Google Play Store और Apple App Store से हटाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का यह फैसला ई-रिक्शा चालकों को बड़ी राहत देने वाला है। अब इस तरह के ऐप्स के जरिए किसी ई-रिक्शा चालक को बेवजह परेशान करने या मजाक के लिए बार-बार परेशान करने जैसी घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद है। सरकार की तरफ से BAT BMS के साथ-साथ Lossigy और Epoch-i-ion ऐप्स को भी हटाने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही सरकारी सूत्रों ने आगाह किया कि इस तरह के दुरुपयोग में शामिल किसी भी अन्य ऐप को भी हटाया जा सकता है।
कथित तौर पर BAT-BMS ऐप को लेकर आरोप है कि इसके जरिए कुछ लोग दूर बैठकर ही ई-रिक्शा को बंद कर देते थे। इससे ई-रिक्शा चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। सुरक्षा और ऐप के गलत इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए इसे हटाने का फैसला लिया गया है। इस मामले की आगे भी जांच की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
