टेक एंड गैजेट्स

iPhone 18 Pro और iPhone Ultra सितंबर में हो सकते हैं लॉन्च, कीमत जा सकती है 2 लाख रुपये के पार

iPhone 18 Pro और iPhone Ultra को लेकर बड़ी लीक सामने आई है। फोन की लॉन्चिंग और कीमत को लेकर जानकारी सामने आई है। कहा जा रहा है कि iPhone 18 Pro और iPhone Ultra की लॉन्चिंग 8 या 9 सितंबर को हो सकती है।

Image

iPhone 18 Pro और iPhone Ultra सितंबर में हो सकते हैं लॉन्च/Photo-AI

Apple के अगले फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स को लेकर नई जानकारियां सामने आई हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और पहली बार iPhone Ultra को 8 या 9 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले लॉन्च इवेंट में पेश कर सकती है। हालांकि, Apple ने अभी तक आधिकारिक तौर पर लॉन्च डेट की पुष्टि नहीं की है।

9 सितंबर को हो सकता है Apple का लॉन्च इवेंट

ब्लूबर्ग के जाने-माने पत्रकार मार्क गुरमन के अनुसार, Apple का वार्षिक iPhone लॉन्च इवेंट इस बार भी सितंबर के दूसरे सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि लेबर डे की वजह से कंपनी 9 सितंबर को इवेंट आयोजित कर सकती है, हालांकि 8 सितंबर की तारीख भी संभावित मानी जा रही है। इस बार सितंबर इवेंट में केवल iPhone 18 Pro सीरीज और कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone Ultra लॉन्च किए जाने की चर्चा है। वहीं, iPhone 18, iPhone 18e और iPhone Air को कथित तौर पर 2027 की शुरुआत तक टाला जा सकता है।

प्री-बुकिंग कब से शुरू हो सकती है?

रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple नए iPhone 18 Pro और iPhone Ultra की प्री-बुकिंग 10 या 11 सितंबर से शुरू कर सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से फिलहाल इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

iPhone Ultra की कीमत 2 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है

लीक्स के मुताबिक, Apple का पहला फोल्डेबल iPhone Ultra अब तक का सबसे महंगा iPhone हो सकता है। इसकी शुरुआती कीमत 2,000 डॉलर (करीब 1.88 लाख रुपये) बताई जा रही है। भारत में टैक्स और अन्य शुल्क जुड़ने के बाद इसकी कीमत 2 लाख रुपये से अधिक हो सकती है।

वहीं, iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,399 डॉलर (करीब 1.32 लाख रुपये) रहने की संभावना है। यह पिछले मॉडल iPhone 17 Pro की तुलना में करीब 300 डॉलर अधिक हो सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मेमोरी और स्टोरेज कॉम्पोनेंट्स की बढ़ती लागत इसकी बड़ी वजह है।

iPhone 18 Pro में मिल सकता है नया A20 चिपसेट

लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro का डिजाइन काफी हद तक पिछले मॉडल जैसा ही रहेगा, लेकिन इसमें कुछ नए कलर ऑप्शन देखने को मिल सकते हैं। फोन में Apple का नया A20 प्रोसेसर दिया जा सकता है और यह iOS 27 के साथ आएगा।

कैमरा सेंसर का रिजॉल्यूशन पहले जैसा रहने की उम्मीद है, लेकिन कैमरा सिस्टम में कई बड़े अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं। सबसे अहम बदलाव Variable Aperture तकनीक हो सकती है, जिससे कैमरा अलग-अलग रोशनी के अनुसार अपने अपर्चर को एडजस्ट कर सकेगा। इससे फोटो और वीडियो की क्वालिटी, बैकग्राउंड ब्लर और एक्सपोजर पहले से बेहतर हो सकता है।

iPhone Ultra में मिलेगा फोल्डेबल डिस्प्ले और बेहद पतला डिजाइन

रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple का पहला फोल्डेबल iPhone बेहद पतले और प्रीमियम डिजाइन के साथ आ सकता है। इसमें नया इंजीनियर्ड हिंज दिया जा सकता है, जिससे स्क्रीन फोल्ड होने पर क्रीज लगभग दिखाई नहीं देगी। बताया जा रहा है कि फोन खुलने के बाद इसकी मोटाई केवल 4.5mm होगी, जो iPhone Air से भी कम है। इसमें पीछे की तरफ डुअल कैमरा सेटअप, Camera Control बटन और बड़ा फोल्डेबल डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, मल्टीटास्किंग के लिए नया स्प्लिट-स्क्रीन मोड भी दिया जा सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article