आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसा ही एक फ्रॉड इन दिनों सामने आ रहा है, जिसमें ठग पहले लोगों के यूपीआई या बैंक अकाउंट में पैसे भेजते हैं और फिर किसी बहाने से वही पैसे वापस मांगते हैं। देखने में यह मामला सामान्य लग सकता है, लेकिन इसके पीछे बड़ी ठगी की साजिश छिपी हो सकती है।
क्या है पैसे वापस मांगने वाला फ्रॉड?
इस तरह की ठगी में साइबर अपराधी पहले जानबूझकर आपके बैंक अकाउंट या यूपीआई खाते में कुछ पैसे ट्रांसफर करते हैं। इसके बाद आपको कॉल या मैसेज करके बताते हैं कि पैसे गलती से आपके खाते में आ गए हैं और आप उन्हें वापस भेज दें।
जैसे ही कोई व्यक्ति उनकी बातों में आकर पैसे वापस भेजता है, वह ठगी का शिकार हो सकता है। कई मामलों में ठग यूपीआई रिक्वेस्ट या फर्जी लिंक भेजकर लोगों से पेमेंट करवाते हैं और इसके बाद बैंक खाते से पैसे निकाल लेते हैं।
कैसे किया जाता है यह फ्रॉड?
जालसाज अक्सर लोगों को भरोसा दिलाने के लिए पहले छोटी रकम भेजते हैं। इसके बाद वे कहते हैं कि यह ट्रांसफर गलती से हो गया है और इसे वापस करने के लिए एक लिंक या यूपीआई रिक्वेस्ट भेजते हैं। अगर कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करके भुगतान करता है या यूपीआई पिन दर्ज करता है, तो उसके खाते से पैसे कट सकते हैं। ध्यान रखें कि यूपीआई पिन पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि पैसे भेजने के लिए इस्तेमाल होता है। कई बार ये लोग अपने नंबर से बैंक के मैसेज की तरह मैसेज भेजते हैं, जिससे लोगों को लगता है कि उनके खाते में पैसे आए हैं, जबकि वह सिर्फ एक मैसेज होता है।
अनजान नंबर से पैसे आएं तो क्या न करें?
अगर आपके बैंक खाते या यूपीआई अकाउंट में किसी अनजान व्यक्ति के पैसे आ गए हैं, तो जल्दबाजी में उन्हें वापस भेजने की गलती न करें। खासकर अगर सामने वाला व्यक्ति आपसे बार-बार पैसे लौटाने का दबाव बना रहा है, तो सतर्क हो जाएं। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी यूपीआई पिन, ओटीपी या बैंक से जुड़ी जानकारी किसी के साथ शेयर न करें।
पैसे वापस करने के लिए क्या करें?
अगर किसी व्यक्ति ने गलती से आपके खाते में पैसे भेज दिए हैं और वह वापस मांग रहा है, तो खुद से पैसे ट्रांसफर करने के बजाय उसे अपने बैंक या यूपीआई सर्विस के माध्यम से ट्रांजेक्शन रिवर्सल की प्रक्रिया अपनाने के लिए कहें। आप सामने वाले व्यक्ति को सलाह दे सकते हैं कि वह अपने बैंक या कस्टमर केयर से संपर्क करके पैसे वापस लेने की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी करे। इसके अलावा, यूपीआई ट्रांजेक्शन से जुड़ी समस्या होने पर आप National Payments Corporation of India (NPCI) के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
अगर आपको लगता है कि आपके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है या कोई व्यक्ति धमकी देकर पैसे मांग रहा है, तो तुरंत कार्रवाई करें। आप राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकते हैं।
