टेक एंड गैजेट्स

Googlebook लॉन्च: Gemini AI से लैस गूगल के नए लैपटॉप्स की एंट्री, एंड्रॉयड फोन से होगा आसान कनेक्शन

Google ने अपने इवेंट I/O 2026 इवेंट में एआई क्रोमबुक लैपटॉप लॉन्च किया है। खास बात यह है कि Chromebook लॉन्च होने के करीब 15 साल बाद कंपनी अब एक बिल्कुल नई लैपटॉप लाइन लेकर आई है।

Image

Googlebook लॉन्च: Gemini AI से लैस गूगल के नए लैपटॉप्स की एंट्री, एंड्रॉयड फोन से होगा आसान कनेक्शन

Google ने मंगलवार को Android Show I/O Edition के दौरान अपनी नई लैपटॉप कैटेगरी “Googlebook” पेश की। कंपनी ने इन AI-फोकस्ड लैपटॉप्स को Gemini Intelligence को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया है। Googlebook में गूगल का एप स्टोर और Chrome ब्राउजर एक साथ मिलते हैं, जिससे यूजर्स को बेहतर और स्मार्ट अनुभव मिलने का दावा किया गया है। यह लॉन्च Google की AI और Gemini इंटीग्रेशन रणनीति का बड़ा कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि Chromebook लॉन्च होने के करीब 15 साल बाद कंपनी अब एक बिल्कुल नई लैपटॉप लाइन लेकर आई है।

Acer, Asus और Lenovo समेत कई कंपनियां बनाएंगी Googlebook

Google ने बताया कि वह पहली पीढ़ी के Googlebook लैपटॉप्स को तैयार करने के लिए Acer, Asus, Dell, HP और Lenovo जैसी कंपनियों के साथ काम कर रही है। हालांकि कंपनी ने अभी इन लैपटॉप्स की कीमत और पूरी स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है। Googlebook को इस साल “fall season” में लॉन्च किया जाएगा, यानी आने वाले महीनों में इससे जुड़ी अधिक जानकारी सामने आ सकती है।

Gemini Intelligence के लिए खास तौर पर तैयार किए गए लैपटॉप

Googlebook लैपटॉप्स में Chrome ब्राउजर और Google Play Store का सपोर्ट मिलेगा। कंपनी ने बताया कि ये डिवाइस एक नए “modern OS” पर काम करेंगे, हालांकि यह साफ नहीं किया गया कि यह वही Aluminium OS है या नहीं, जिस पर Google काम कर रहा है। कंपनी का दावा है कि Googlebook दुनिया के पहले ऐसे लैपटॉप्स होंगे जिन्हें शुरुआत से ही Gemini Intelligence के लिए डिजाइन किया गया है।

Magic Pointer फीचर बनेगा सबसे बड़ा आकर्षण

इन लैपटॉप्स की सबसे खास फीचर “Magic Pointer” होगी, जिसे Google DeepMind टीम के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स कुछ टैप्स में ही Gemini तक पहुंच सकेंगे। कर्सर को हिलाते ही स्क्रीन पर Gemini आधारित सुझाव दिखाई देंगे। उदाहरण के तौर पर, किसी ईमेल में मौजूद तारीख पर पॉइंटर ले जाकर मीटिंग सेट की जा सकेगी या दो तस्वीरों को चुनकर तुरंत उनका संयुक्त प्रीव्यू देखा जा सकेगा।

“Create your Widget” फीचर से मिलेगा पर्सनलाइज्ड अनुभव

Googlebook में Gemini आधारित “Create your Widget” फीचर भी दिया जाएगा। इसकी मदद से यूजर्स केवल टेक्स्ट प्रॉम्प्ट देकर अपने कस्टम विजेट बना सकेंगे। Gemini इंटरनेट सर्च करने के साथ Gmail और Calendar जैसे Google एप्स से कनेक्ट होकर पर्सनलाइज्ड डैशबोर्ड तैयार करेगा। उदाहरण के तौर पर, फैमिली ट्रिप प्लान करने वाले यूजर्स बुकिंग डिटेल्स और ट्रिप काउंटडाउन को एक ही विजेट में देख सकेंगे।

एंड्रॉयड फोन और लैपटॉप के बीच होगा आसान स्विच

Googlebook को एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स के साथ पूरी तरह कम्पैटिबल बनाया गया है। यूजर्स अपने फोन के एप्स को सीधे लैपटॉप स्क्रीन पर इस्तेमाल कर सकेंगे, बिना अलग लैपटॉप वर्जन डाउनलोड किए। यानी फोन जेब में रखते हुए भी लैपटॉप स्क्रीन से फूड ऑर्डर जैसी गतिविधियां की जा सकेंगी।

Quick Access फीचर से सीधे दिखेंगी फोन की फाइलें

इन नए लैपटॉप्स में “Quick Access” फीचर भी मिलेगा। इसकी मदद से यूजर्स अपने एंड्रॉयड फोन में सेव फाइल्स को सीधे लैपटॉप के फाइल ब्राउज़र में देख, सर्च और इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए किसी मैनुअल फाइल ट्रांसफर की जरूरत नहीं होगी। कंपनी के अनुसार Googlebook प्रीमियम मटेरियल के साथ अलग-अलग डिजाइन और साइज में उपलब्ध होंगे। इनमें एक खास Glowbar डिजाइन एलिमेंट भी दिया जाएगा, जिसे लाइव इवेंट के दौरान दिखाया गया।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article