टेक एंड गैजेट्स

अब गूगल संभालेगा आपकी पूरी डिजिटल लाइफ: क्या है 'Remy' जिसे कहा जा रहा है 24/7 पर्सनल एजेंट?

अगर Remy सफल होता है, तो यह AI असिस्टेंट्स की दुनिया में बड़ा बदलाव ला सकता है। यह सिर्फ जानकारी देने वाला टूल नहीं, बल्कि आपके लिए काम करने वाला एक डिजिटल पार्टनर बन सकता है।

Image

अब गूगल संभालेगा आपकी पूरी डिजिटल लाइफ: क्या है 'Remy' जिसे कहा जा रहा है 24/7 पर्सनल एजेंट?

Google एक नए AI टूल पर काम कर रहा है, जो आपकी डिजिटल जिंदगी को मैनेज करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का कोडनेम ‘Remy’ है और इसे एक “24/7 पर्सनल एजेंट” के रूप में तैयार किया जा रहा है, जो काम, पढ़ाई और रोजमर्रा के कार्यों में आपकी मदद करेगा।

सिर्फ जवाब नहीं, आपके लिए काम भी करेगा

बताया जा रहा है कि Remy, Gemini ऐप को एक नए स्तर पर ले जाएगा। यह सिर्फ सवालों के जवाब देने या कंटेंट जनरेट करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यूजर की ओर से सीधे एक्शन भी ले सकेगा। यानी यह आपके ईमेल मैनेज करने, कैलेंडर संभालने और अन्य डिजिटल टास्क खुद पूरा कर सकता है।

OpenClaw जैसा स्मार्ट एजेंट?

रिपोर्ट के अनुसार, Remy की क्षमताएं काफी हद तक OpenClaw जैसी हो सकती हैं, जो इस साल काफी वायरल हुआ था। OpenClaw यूजर्स की ओर से ईमेल का सार निकालने, मैसेज का जवाब देने और वेबसाइट नेविगेट करने जैसे काम करता था। इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि इसे OpenAI ने अधिग्रहित कर लिया।

Google इकोसिस्टम से गहरा कनेक्शन

Remy को Google के पूरे इकोसिस्टम के साथ गहराई से जोड़ा जा रहा है। यह एजेंट यूजर की पसंद-नापसंद को समय के साथ समझेगा, जरूरी चीजों पर नजर रखेगा और जटिल कार्यों को खुद ही पूरा करने की क्षमता रखेगा। यानी यह एक ऐसा स्मार्ट असिस्टेंट बन सकता है जो आपको हर समय सपोर्ट करे।

लॉन्च को लेकर क्या है स्थिति?

फिलहाल Remy के लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक समयसीमा सामने नहीं आई है। रिपोर्ट में इसे “डॉगफूडिंग” प्रोजेक्ट बताया गया है, जिसका मतलब है कि इसे पहले कंपनी के कर्मचारी आंतरिक रूप से टेस्ट करेंगे, हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि Google अपने बड़े इवेंट Google I/O में इस प्रोजेक्ट की झलक दिखा सकता है, क्योंकि कंपनी अक्सर अपने बड़े AI अपडेट इसी मंच पर पेश करती है।

Google के अन्य AI प्रोजेक्ट्स

हाल ही में Google ने कई AI टूल्स लॉन्च किए हैं, जिनमें Gemini 2.5 Pro, AI Mode in Search और Deep Research शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी ने ‘Project Mariner’ नाम का एक एजेंट भी दिखाया था, जो ब्राउजर के जरिए मल्टी-स्टेप टास्क पूरा कर सकता है।

‘Remy’ नाम के पीछे क्या है मतलब?

रिपोर्ट के मुताबिक, ‘Remy’ नाम लैटिन शब्द “Remigus” से लिया गया है, जिसका अर्थ होता है “चप्पू चलाने वाला”। इसका मतलब यह हो सकता है कि यह AI एजेंट यूजर के लिए भारी काम को आसान बनाएगा। साथ ही, यह नाम Ratatouille के मशहूर शेफ चूहे ‘Remy’ की ओर भी इशारा करता है।

Agent Smith भी कर चुका है टेस्ट

इससे पहले Google अपने कर्मचारियों को ‘Agent Smith’ नाम का एक इंटरनल AI टूल भी दे चुका है, जो कोडिंग जैसे काम ऑटोमेट कर सकता है। इसका नाम The Matrix के मशहूर किरदार से प्रेरित है, जो एक स्मार्ट और स्वतंत्र सॉफ्टवेयर एजेंट था।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेय author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article