Google ने गुरुवार को अपना नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल Gemini 3.1 Flash-Lite पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह Gemini 3 सीरीज का सबसे तेज और सबसे किफायती AI मॉडल है। इसे खास तौर पर उन डेवलपर्स के लिए तैयार किया गया है जिन्हें बड़े पैमाने पर AI वर्कलोड संभालने की जरूरत होती है। फिलहाल यह मॉडल आम यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है और इसे केवल डेवलपर्स और एंटरप्राइज के लिए जारी किया गया है।
फिलहाल प्रीव्यू में उपलब्ध
Google ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि Gemini 3.1 Flash-Lite अभी प्रीव्यू चरण में है। डेवलपर्स इसे Google AI Studio में Gemini API के जरिए और एंटरप्राइज उपयोग के लिए Vertex AI के माध्यम से एक्सेस कर सकते हैं।
स्पीड और परफॉर्मेंस में बड़ा सुधार
कंपनी के अनुसार, यह नया मॉडल पहले के Gemini 2.5 Flash की तुलना में काफी तेज है। रिपोर्ट के मुताबिक इसमें “Time to First Answer Token” लगभग 2.5 गुना तेज है, जबकि आउटपुट स्पीड में करीब 45 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
Arena.ai लीडरबोर्ड पर इस मॉडल ने 1432 का Elo स्कोर हासिल किया है। Google का कहना है कि आउटपुट स्पीड के मामले में यह GPT-5 mini, Claude 4.5 Haiku और Grok 4.1 Fast जैसे मॉडलों से भी बेहतर प्रदर्शन करता है।
कई जटिल काम कर सकता है
डेवलपर्स को AI Studio और Vertex AI में इस मॉडल को स्टैंडर्ड और “थिंकिंग मोड” दोनों में इस्तेमाल करने का विकल्प मिलेगा। थिंकिंग मोड में यूज़र किसी टास्क के लिए मॉडल को सोचने का समय नियंत्रित कर सकते हैं। Google के अनुसार यह मॉडल बड़े स्तर पर ट्रांसलेशन, कंटेंट मॉडरेशन जैसे काम संभाल सकता है। इसके अलावा यूजर इंटरफेस और डैशबोर्ड तैयार करने, सिमुलेशन बनाने और निर्देशों का पालन करने जैसे जटिल कार्य भी कर सकता है।
लागत भी कम
कंपनी ने इसे किफायती AI मॉडल भी बताया है। Gemini 3.1 Flash-Lite में एक मिलियन इनपुट टोकन की कीमत 0.25 डॉलर (करीब 23 रुपये) और आउटपुट टोकन की कीमत 1.5 डॉलर (करीब 137 रुपये) रखी गई है। तुलना करें तो Gemini 2.5 Flash में एक मिलियन इनपुट टोकन की कीमत 0.3 डॉलर और आउटपुट टोकन की कीमत 2.5 डॉलर है। ऐसे में नया मॉडल डेवलपर्स के लिए अधिक तेज और सस्ता विकल्प साबित हो सकता है।
