एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X (पूर्व में Twitter) ने अपने लंबे समय से चर्चित X Money फीचर को आखिरकार लॉन्च कर दिया है। इस नई डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग सर्विस के जरिए यूजर्स अब X ऐप के अंदर ही पैसे भेजने, पेमेंट करने और बैंकिंग जैसी कई सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। फिलहाल यह सेवा अमेरिका में शुरू की गई है और शुरुआत में केवल Premium और Premium+ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होगी।
X ऐप के अंदर ही मिलेंगी बैंकिंग और पेमेंट की सुविधाएं
कंपनी के अनुसार, X Money एक डिजिटल मनी अकाउंट है, जो पेमेंट, बैंकिंग जैसी सुविधाओं और डेबिट कार्ड को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है। इसके जरिए यूजर्स दूसरे X यूजर्स को तुरंत पैसे भेज सकते हैं, सीधे अपने अकाउंट में सैलरी प्राप्त कर सकते हैं और X Card के जरिए खरीदारी भी कर सकते हैं।
X Money को पिछले कुछ महीनों से बीटा टेस्टिंग के तहत सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया था। अब इसका आधिकारिक लॉन्च एलन मस्क के उस विजन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, जिसमें वह X को चीन के WeChat की तरह एक "Everything App" बनाना चाहते हैं।
X Money से क्या-क्या कर सकेंगे यूजर्स?
X Money के साथ यूजर्स को कई फाइनेंशियल फीचर्स मिलेंगे। इसमें X यूजर्स के बीच फ्री इंस्टेंट मनी ट्रांसफर, सैलरी मिलने की तय तारीख से दो दिन पहले डायरेक्ट डिपॉजिट, जमा राशि पर 6% तक वार्षिक ब्याज (APY) और X Card से किए गए योग्य ट्रांजैक्शन पर 3% तक कैशबैक शामिल है। इसके अलावा यूजर्स को वायर ट्रांसफर, पेपर चेक, फ्री ATM विदड्रॉल और जरूरत पड़ने पर समर्पित कस्टमर सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
सुरक्षा पर दिया गया खास ध्यान
कंपनी का कहना है कि X Money को सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें ट्रांजैक्शन को सुरक्षित रखने के लिए Passkeys Authentication का इस्तेमाल किया गया है, जिससे पासवर्ड की जरूरत कम हो जाती है।
यूजर्स अपनी जरूरत के अनुसार ट्रांजैक्शन लिमिट तय कर सकते हैं और चुनिंदा पेमेंट्स के लिए अतिरिक्त वेरिफिकेशन भी अनिवार्य कर सकते हैं। वहीं, X Card से होने वाले भुगतान की सुरक्षा Visa के फ्रॉड डिटेक्शन और रिस्क मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए की जाएगी।
बैंकिंग सुरक्षा और इंश्योरेंस की सुविधा
कंपनी के मुताबिक, X Money में जमा राशि Cross River Bank में रखी जाएगी, जो FDIC का सदस्य बैंक है। इस खाते में जमा रकम पर 2,50,000 डॉलर तक का बीमा मिलेगा। इसके अलावा कैश स्वीप प्रोग्राम के जरिए कुछ शर्तों के तहत कुल 1 करोड़ डॉलर तक की FDIC पास-थ्रू इंश्योरेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
Apple Wallet और मेटल X Card का भी मिलेगा सपोर्ट
X Money के साथ यूजर्स को एक वर्चुअल X Card मिलेगा, जिसे Apple Wallet में जोड़कर Apple Pay के जरिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। वहीं, जो यूजर्स चाहें वे फिजिकल मेटल X Money Card भी ऑर्डर कर सकते हैं। इस कार्ड पर अपना नाम और X यूजरनेम कस्टमाइज करने का विकल्प भी मिलेगा।
नए यूजर्स को मिल सकता है वेलकम बोनस
रिपोर्ट्स के अनुसार, X Money से जुड़ने वाले नए यूजर्स को 15 डॉलर का वेलकम डिपॉजिट भी मिल सकता है। हालांकि, यह ऑफर सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा या नहीं, इसकी जानकारी कंपनी ने आधिकारिक तौर पर नहीं दी है।
