विदेश घूमने जाना हर किसी को पसंद होता है। नई जगहें देखना, वहां के खान-पान का आनंद लेना और खूबसूरत यादें लेकर लौटना हर यात्री का सपना होता है। इन दिनों वियतनाम भारतीय पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है लेकिन विदेश में घूमते समय कुछ लोगों की लापरवाही देश की छवि पर सवाल खड़े कर सकती है। सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इसी मुद्दे को फिर से सामने ला दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चलती कार में लगी आग, देखते ही देखते जलकर हुई राख
वीडियो शेयर कर पूछा- कब सीखेंगे तौर-तरीके?
दरअसल, एक वीडियो (Video) को देश के जाने-माने उद्योगपति हर्ष गोयनका ने शेयर किया है। जिसमें वियतनाम के एयरपोर्ट पर भारतीय पर्यटकों के व्यवहार को लेकर चिंता जताई गई है। पोस्ट में कहा गया है कि वियतनाम भारतीय यात्रियों के लिए एक पसंदीदा पर्यटन स्थल बनता जा रहा है, लेकिन अगर हम वहां के एयरपोर्ट को पिकनिक स्पॉट समझकर इस्तेमाल करेंगे और खाने-पीने का सामान फैलाकर गंदगी छोड़ेंगे, तो इससे भारतीय पर्यटकों की छवि खराब हो सकती है। अपने पोस्ट में उन्होंने यात्रियों से सवाल करते हुए लिखा है कि आखिर वे कब सार्वजनिक जगहों पर साफ-सफाई और जिम्मेदारी से पेश आना सीखेंगे? यह सवाल सिर्फ वियतनाम जाने वाले पर्यटकों के लिए ही नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति के लिए है जो विदेश या देश के किसी दूसरे शहर में घूमने जाता है।
घूमने जाएं तो नागरिक जिम्मेदारी भी निभाएं
किसी दूसरे देश में यात्रा करते समय वहां के नियमों और स्थानीय संस्कृति का सम्मान करना बेहद जरूरी है। एयरपोर्ट जैसी सार्वजनिक जगहों पर रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं। ऐसे में वहां साफ-सफाई बनाए रखना हर यात्री की जिम्मेदारी है। खाना खाने के बाद प्लेट, कप, बोतल या पैकेट कूड़ेदान में डालना कोई मुश्किल काम नहीं है। इसके बावजूद अगर लोग सार्वजनिक जगहों पर कचरा फैलाते हैं, तो इससे न सिर्फ वहां का माहौल खराब होता है, बल्कि दूसरे यात्रियों को भी परेशानी होती है।
