दुनिया भर में लोकप्रिय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म चैटजीपीटी (ChatGPT) के अचानक डाउन होने से भारत, जापान और दक्षिण कोरिया सहित कई देशों में तकनीकी सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इस तकनीकी खराबी के कारण लाखों यूजर्स को परेशानी हो रही है। रिपोर्टों के अनुसार, यह समस्या बीते कुछ घंटों से जारी है, जिससे पर्सनल और व्यावसायिक दोनों यूजर्स प्रभावित हैं।
आधिकारिक स्टेटस पेज पर OpenAI ने की पुष्टि
कंपनी के आधिकारिक स्टेटस पेज से जारी जानकारी में बताया गया है कि भारत, जापान और कोरिया जैसे एशियाई देशों में "ChatGPT conversion failures" और "Response API errors" की समस्या दर्ज की गई है। ओपनएआई (OpenAI) की ओर से दी गई अद्यतन जानकारी के अनुसार, इस तकनीकी व्यवधान का असर ChatGPT के अलावा APIs सेवाओं और अन्य सेवाओं पर भी पड़ा है।
सुधार कार्य जारी, निगरानी कर रही कंपनी
OpenAI ने स्थिति को कंट्रोल में लाने के लिए तकनीकी समाधान लागू कर दिए हैं। कंपनी का कहना है कि स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और रिकवरी की प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हालांकि, पूरी तरह से सेवाएं बहाल होने में कितना समय लगेगा, इस बारे में अभी तक कोई निश्चित समय सीमा तय नहीं की गई है।
downdetector ने भी की पुष्टि
चैटजीपीटी के डाउन होने की पुष्टि वेबसाइट आउटेज ट्रैकर downdetector ने भी की है। downdetector के मुताबिक यह समस्या 22 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से ही आ रही है।
PHP में भी बग
आपको बता दें किवेबसाइट बनाने में इस्तेमाल होने वाली लोकप्रिय प्रोग्रामिंग लैंग्वेज PHP में दो बड़ी सुरक्षा खामियां सामने आई हैं। इनका फायदा उठाकर हैकर्स बिना किसी अनुमति के वेब सर्वर पर कब्जा कर सकते हैं और वहां मौजूद डेटा चोरी करने से लेकर वेबसाइट को ठप करने तक की हरकत कर सकते हैं।
खतरे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिका की नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) ने सलाह दी है कि अगर सिस्टम को तुरंत अपडेट नहीं किया जा सकता, तो उसे सुरक्षित होने तक ऑफलाइन कर दिया जाए।
