टेक एंड गैजेट्स

BSNL झारखंड में 4G नेटवर्क के विस्तार पर 1,573 करोड़ रुपये का निवेश करेगी: अधिकारी

सरकारी टेलीकॉम कंपनी पिछले एक साल से ज्यादा समय से लगातार अपने नेटवर्क को अपग्रेड करने के लिए काम कर रही थी। बीएसएनएल ने 1 लाख 4G टॉवर्स के इंस्टालेशन का लक्ष्य रखा था जो कि अब पूरा हो गया है। कंपनी इन 4G टॉवर्स को 5G में बदलेगी।

Image

बीएसएनएल अपने 4G नेटवर्क को ही 5G में कनवर्ट करेगी। (फोटो क्रेडिट-Digit)

सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) पूरे देश में अपनी 4G सर्विस को रोलआउ करने जा रही है। इस बीच टेलीकॉम कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि वह अपनी अखिल भारतीय 4जी क्रियान्वयन योजना के तहत झारखंड में 1,573 करोड़ रुपये की तीन प्रमुख परियोजनाओं पर काम कर रही है।

बीएसएनएल झारखंड के मुख्य महाप्रबंधक विपुल अग्रवाल ने कहा कि कंपनी की रजत जयंती के अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को ओडिशा से इन परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

उन्होंने कहा कि इनमें आत्मनिर्भर भारत के नजरिये को बढ़ावा देते हुए लगभग 37,000 करोड़ रुपये की लागत से स्वदेशी तकनीक से निर्मित 97,500 मोबाइल 4जी टावर शामिल हैं। अग्रवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बीएसएनएल अपनी रजत जयंती मनाने के साथ यह देश के हर कोने तक स्वदेशी 4जी सेवाओं की पहुंच के साथ एक नया अध्याय शुरू कर रही है।

उन्होंने कहा कि बीएसएनएल झारखंड के दूरदराज और वंचित गांवों में मोबाइल संपर्क सुविधा के लिए 4जी ‘संतृप्ति’ परियोजना लागू कर रही है। डिजिटल भारत निधि योजना के तहत केंद्र द्वारा वित्त पोषित यह परियोजना राज्य सरकार के सहयोग से चल रही है। उन्होंने कहा, ''बीएसएनएल ने झारखंड में 4G सेवाओं से जुड़ने के लिए 2750 गांवों की पहचान की है।'' इस परियोजना के तहत 755 टावर लगाए जाने हैं, जिनमें से 652 पहले ही चालू हो चुके हैं।

करोड़ों यूजर्स को मिलेगी बड़ी सहूलियत

आपको बता दें कि सरकारी टेलीकॉम कंपनी पिछले एक साल से ज्यादा समय से लगातार अपने नेटवर्क को अपग्रेड करने के लिए काम कर रही थी। बीएसएनएल ने 1 लाख 4G टॉवर्स के इंस्टालेशन का लक्ष्य रखा था जो कि अब पूरा हो गया है। बता दें कि सरकारी कंपनी ने इन टॉवर्स को इस तरह से डिजाइन किया है कि इन्हें आसानी से 5G नेटवर्क में तब्दील किया जा सके। अब जब कंपनी पूरे देश में 4G नेटवर्क को रोल आउट करने जा रही है तो इससे देशभर के करोड़ों ग्राहकों को बड़ा फायाद मिलने वाला है। बीएसएनएल के लिए सी-डॉट, तेजस और टीसीएस ने मिलकर रिकॉर्ड 22 महीने में पूरी तरह स्वदेशी 4जी टेक्नोलॉजी विकसित की, जिसे सॉफ्टवेयर के जरिए आसानी से 5जी में अपग्रेड किया जा सकेगा।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article