सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) ने बृहस्पतिवार को वर्ष 2026-27 के लिए अपनी नई नेतृत्व टीम की घोषणा की। इस दौरान भारती एयरटेल के समूह प्रमुख नियामक अधिकारी और निदेशक (कॉरपोरेट मामलों) राहुल वत्स को एसोसिएशन का नया चेयरमैन चुना गया। दूरसंचार क्षेत्र में नियामकीय और कॉरपोरेट मामलों का व्यापक अनुभव रखने वाले वत्स अब उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सीओएआई का नेतृत्व करेंगे। उनके नेतृत्व में संगठन से दूरसंचार क्षेत्र के विकास, नीति-निर्माण और उद्योग के हितों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है।
राहुल वत्स, वोडाफोन आइडिया के अभिजीत किशोर का स्थान लेते हुए सीओएआई की कमान संभालेंगे। अभिजीत किशोर ने वर्ष 2025-26 के दौरान दूरसंचार कंपनियों के इस प्रमुख उद्योग संगठन के चेयरमैन के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब नई नेतृत्व टीम के तहत राहुल वत्स संगठन का नेतृत्व करेंगे और दूरसंचार क्षेत्र से जुड़े विभिन्न नीतिगत एवं उद्योगगत मुद्दों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
रवि गांधी बने उपाध्यक्ष
वहीं, रिलायंस जियो इन्फोकॉम के मुख्य नियामक अधिकारी रवि गांधी को सीओएआई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उपाध्यक्ष के रूप में वह संगठन की रणनीतिक पहलों, उद्योग हितों की वकालत और दूरसंचार क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में सक्रिय योगदान देंगे। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपनी सालाना आम बैठक (एजीएम) के समापन की घोषणा करते हुए, सीओएआई ने कहा कि इस बैठक में सदस्य क्षेत्र में अहम बदलावों की समीक्षा करने, उभरती प्राथमिकताओं पर विचार करने और भारत के डिजिटल संचार परिवेश को मजबूत करने के प्रारूप पर चर्चा करने के लिए एक साथ आए।
सीओएआई की विज्ञप्ति में कहा गया, ’’बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए सीओएआई की नेतृत्व की भी घोषणा की गई। भारती एयरटेल लिमिटेड के समूह मुख्य नियामक अधिकारी और निदेशक (निगमित मामले) राहुल वत्स सीओएआई के चेयरमैन होंगे, जबकि रिलायंस जियो इन्फोकॉम के मुख्य नियामक अधिकारी, रवि पी गांधी उपाध्यक्ष होंगे।’’
(इनपुट-भाषा)
