Tata Sky ने अपना 18 साल बाद अपना नाम बदलकर Tata Play कर लिया है। टाटा स्काई के पास कंपनी के दावे के मुताबिक 19 मिलियन से ज्यादा एक्टिव सब्सक्राइबर्स हैं। कंपनी के बिजनेस में अब DTH सर्विस के अलावा फाइबर-टू-होम ब्रॉडबैंड और बिंज भी शामिल होंगे। जो 14 OTT सर्विस ऑफर करेंगे।
टाटा स्काई ने अपना नाम बदलकर टाटा प्ले इसलिए किया है ताकी कंपनी कंबाइंड पैकेज में टेलीविजन और OTT दोनों ऑफर कर सके। डायरेक्ट-टू-होम प्लेटफॉर्म (DTH) ने Netflix को 13 OTT सर्विसेज के साथ ऐड किया है। इसमें Amazon Prime वीडियो और Disney+Hotstar भी शामिल हैं।
इन कॉम्बो पैक्स की शुरुआती कीमत 399 रुपये रखी गई है। ये नया कॉम्बो पैक 27 जनवरी यानी आज से ही प्रभावी हो गया है। नेशनल मार्केट में इसे करीना कपूर खान और सैफ अली खान प्रमोट करेंगे। वहीं, साउथ में इसका प्रमोशन आर. माधवन और प्रियमणी द्वारा किया जाएगा।
टाटा प्ले के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव हरित नागपाल ने एक इंटरव्यू में कहा कि ये नया ऑफर एक फैमिली प्रोडक्ट है। कॉम्बो पैक के जरिए एक ही फैमिली के अलग-अलग मेंबर्स अलग-अलग डिवाइसेज पर अपनी पसंद का कंटेंट देख सकेंगे। कॉम्बो प्लान्स की कीमत स्क्रीन के नंबर, DTH कनेक्शन और सब्सक्राइब किए गए पैक के हिसाब से होगी।
इसके अलावा, टाटा प्ले ने 175 रुपये के सर्विस विजिट चार्ज को माफ करने का फैसला किया है। डीटीएच ग्राहक जिन्होंने अपने पैक को रिचार्ज नहीं किया है, वे भी मुफ्त में पुनः कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। आपको बता दें टाटा स्काई ने अपने ऑपरेशन की शुरुआत 2004 में की थी।
