टेलीकॉम क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस जियो ने जियोफाइबर पोस्टपेड ग्राहकों के लिए 22 अप्रैल से 'एंटरटेनमेंट बोनांजा' लॉन्च करने की घोषणा की है। दरअसल जियोफाइबर के 399 रू और 699 रू के प्लान्स बेसिक इंटरनेट प्लान्स थे, जिनमें 30 और 100 Mbps की स्पीड मिलती थी। अब रिलायंस जियो ने इन प्लान्स के साथ एंटरटेनमेंट परोसने का ऐलान किया है। इन नए प्लान्स का फायदा नए व मौजूदा दोनों ग्राहक उठा सकते हैं।
घोषणा के मुताबिक यूजर्स 399 रुपये प्रति माह से शुरू होने वाले अनलिमिटेड हाई-स्पीड इंटरनेट प्लान के साथ 100 या 200 रू प्रतिमाह अतिरिक्त भुगतान करके 14 OTT ऐप्स का मजा उठा पाएंगे। 100 रू अतिरिक्त दे कर ग्राहक जियो के एंटरटेनमेंट प्लान का लाभ ले सकेंगे, जिसमें उन्हें 6 एंटरटेनमेंट OTT ऐप मिलेंगे। 200 रू के एंटेरटेनमेंट प्लस प्लान में 14 ऐप शामिल किए गए हैं।
14 ऐप्स में डिज़्नी+ हॉटस्टार, Zee5, Sonyliv, Voot, Sunnxt, Discovery+, Hoichoi, Altbalaji, Eros Now, Lionsgate, ShemarooMe, Universal+, Voot Kids, JioCinema शामिल हैं। जियोफाइबर से एक समय में की डिवाइस जोड़े जा सकते हैं ऐसे में ग्राहक मोबाइल और टीवी दोनों पर इन ऐप्स के मनोरंजक कार्यक्रम देख सकेंगे।
एंटरटेनमेंट बोनांजा के तहत कंपनी ने अपने नए पोस्टपेड यूजर्स के लिए एंट्री कॉस्ट शून्य कर दी है। यानी यूजर्स को करीब 10 हजार रू कीमत की सुविधाएं मुफ्त मिलेंगी, जिनमें इंटरनेट बॉक्स (गेटवे राउटर), सेट टॉप बॉक्स और इंस्टालेशन चार्ज शामिल है। लेकिन इसके लिए ग्राहक को जियोफाइबर पोस्टपेड कनेक्शन का प्लान लेना होगा।
