Jio Plans : जियो ने शुरू की 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में मोबाइल सेवाएं, 3 रोमिंग पैक का ऑफर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2020, 06:43 PM IST

रिलायंस जियो अपने ग्राहकों के लिए 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में मोबाइल सेवाएं शुरू कर दी हैं। जानिए प्लान्स के बारे में।

Jio Plans : जियो ने शुरू की 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में मोबाइल सेवाएं, 3 रोमिंग पैक का ऑफर

नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो अपने ग्राहकों के लिए कोरोना वायरस महामारी के दौरान एक से बढ़कर एक डेटा प्लान, रिचार्ज टैरिफ प्लान पेश करती आ रही है। जियो ने अब हवाई यात्रियों के लिए मोबाइल सेवा की शुरुआत की है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक रिलायंस जियो ने अंतरराष्ट्रीय रूटों पर 22 उड़ानों में मोबाइल सेवा की शुरुआत कर दी है। 

जियो के ये हैं अंतरराष्ट्रीय उड़ान प्लान्स

जियो ने एक दिन की वैलिडिटी के साथ भारत से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए 499 रुपए, 699 रुपए और 999 रुपए के तीन अंतरराष्ट्रीय रोमिंग पैक की घोषणा की है। सभी प्लान 100 मिनट की आउटगोइंग वॉयस कॉल और 100 SMS का ऑफर है। इनके अलावा 499 रुपए वाले प्लान में 250 मेगाबाइट (एमबी) मोबाइल डेटा मिलता है। इसी तरह 699 रुपए में 500 MB और 999 रुपए में 1GB डेटा का प्लान है।

प्लान में इनकमिंग कॉल की अनुमति नहीं

जियो की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कोई भी प्लान इनकमिंग कॉल की अनुमति नहीं देगा, जबकि इनकमिंग SMS फ्री है। इन-फ्लाइट मोबाइल सेवाओं का पहली बार उपयोग करने वालों को जिओ नेटवर्क पर प्लान्स को सक्रिय करने की जरूरत होगी। जिओ फोन और जिओ के वाईफाई डिवाइस पर अंतरराष्ट्रीय रोमिंग सेवाएं काम नहीं करेंगी।

इन फ्लाइट्स में मोबाइल सेवा की शुरुआत

कंपनी की साझेदार एयरलाइनों में कैथे पैसिफिक, सिंगापुर एयरलाइंस, एमिरेट्स, एतिहाद एयरवेज, यूरो विंग्स, लुफ्थांसा, मालिंडो एयर, बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस और एलिटालिया शामिल हैं। इसके साथ, जिओ उड़ान के दौरान (इन-फ्लाइट) मोबाइल सेवा प्रदान करने वाली दूसरी भारतीय दूरसंचार कंपनी बन गयी है। इससे पहले टाटा समूह की कंपनी नेल्को लंदन मार्ग पर विस्तार एयरलाइंस में इन-फ्लाइट मोबाइल सेवाएं शुरू कर चुकी है।

End of Article