टेक एंड गैजेट्स

iPhone 15-16 इस्तेमाल करते हैं तो आपको Apple से मिलने वाला है रुपया, जान लें पूरा मामला

Apple पर आरोप लगाया गया है कि उसने iPhone की बिक्री बढ़ाने के लिए ऐसी AI क्षमताओं का प्रचार किया, जो उस समय मौजूद नहीं थीं, अब भी उपलब्ध नहीं हैं, और आने वाले दो या उससे ज्यादा सालों तक भी आने की संभावना नहीं है।

Image

Apple ने Google के साथ साझेदारी करने का फैसला किया। (फोटो क्रेडिट-iStock)

अमेरिकी टेक कंपनी Apple ने अपने “Apple Intelligence” फीचर्स को लेकर दायर एक मुकदमे का निपटारा कर लिया है। कंपनी पर आरोप था कि उसने इन फीचर्स को लेकर यूजर्स को गुमराह किया। यह मामला पिछले साल कैलिफोर्निया की एक फेडरल अदालत में दायर किया गया था। अब समझौते के तहत Apple ने 250 मिलियन डॉलर (करीब 2,000 करोड़ रुपये) का भुगतान करने पर सहमति जताई है। इस समझौते के साथ ही लंबे समय से चल रहा यह विवाद खत्म हो गया है।

Apple को “Apple Intelligence” फीचर्स को लेकर कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी। खास तौर पर Siri के एक नए अपडेट को लेकर कई सवाल उठे, जिसका ऐलान कंपनी ने 2024 में किया था, लेकिन यह अपडेट अब तक जारी नहीं हुआ। इस देरी और अधूरे वादे की वजह से यूजर्स और विशेषज्ञों ने कंपनी की नीतियों पर नाराजगी जताई।

कंपनी पर बिक्री बढ़ाने का आरोप

AFP की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायतों में Apple पर आरोप लगाया गया है कि उसने iPhone की बिक्री बढ़ाने के लिए ऐसी AI क्षमताओं का प्रचार किया, जो उस समय मौजूद नहीं थीं, अब भी उपलब्ध नहीं हैं, और आने वाले दो या उससे ज्यादा सालों तक भी आने की संभावना नहीं है।

यूजर्स को मिलेगी इतनी राशि

इस बीच, BBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Apple अमेरिका में उन ग्राहकों को 25 से 95 डॉलर तक की रकम देगा, जिन्होंने जून 2024 से मार्च 2025 के बीच iPhone 15 और iPhone 16 खरीदे थे। 250 मिलियन डॉलर का यह समझौता अभी अदालत में जज की मंजूरी का इंतजार कर रहा है और इसे किसी टेक कंपनी द्वारा किए गए सबसे बड़े समझौतों में से एक माना जा रहा है। हालांकि, Apple ने इस मामले में अपनी कोई गलती नहीं मानी है।

Reuters को दिए गए बयान में Apple ने कहा कि उसने दो अतिरिक्त फीचर्स की उपलब्धता से जुड़े दावों को खत्म करने के लिए यह समझौता किया है। कंपनी ने यह भी कहा कि उसने यह कदम इसलिए उठाया ताकि वह अपने मुख्य काम—यूज़र्स को नए प्रोडक्ट्स और सर्विसेज देने पर पूरा ध्यान दे सके।

Siri अपडेट बना चुनौती

नए Siri अपडेट पिछले कुछ सालों से Apple के लिए एक चुनौती बना हुआ है। कंपनी ने इसे iOS 18 में “Apple Intelligence” के अन्य फीचर्स के साथ लॉन्च करने की योजना बनाई थी, लेकिन यह कई बार टल चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन फीचर्स पर काम कर रही टीम में भी बदलाव हुए हैं और कई कर्मचारियों ने कंपनी छोड़ दी है, जिससे प्रोजेक्ट की रफ्तार पर असर पड़ा है।

आखिरकार, Apple ने Google के साथ साझेदारी करने का फैसला किया, ताकि Gemini AI उसके वॉइस असिस्टेंट के लिए तकनीकी आधार बन सके। इसके बावजूद, कंपनी इस नए अपडेट को iOS 26.4 के साथ भी जारी नहीं कर पाई, जबकि शुरुआत में ऐसा करने का दावा किया गया था।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारी author

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से ... और देखें

End of Article