ऐप्पल के बड़े सप्लायर्स में शामिल टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स से हुए डेटा लीक के बाद iPhone 18 Pro का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में फोन लॉन्च से कई महीने पहले इंटरनल ड्रॉप टेस्टिंग से गुजरता दिख रहा है। आमतौर पर नए iPhone के रेंडर लॉन्च से कुछ हफ्ते पहले ही सामने आते हैं, लेकिन इस बार असली डिवाइस का फुटेज इतने पहले लीक होना ऐप्पल के लिए काफी असामान्य और बड़ी बात मानी जा रही है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस डेटा लीक में सप्लायर से जुड़ी जानकारी, कंपोनेंट्स की लिस्ट जैसी गोपनीय फाइलों के साथ-साथ अभी तक लॉन्च न हुए iPhone की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि इन फाइलों में ऐप्पल के इंटरनल वॉटरमार्क और iPhone 18 Pro से जुड़े कोडनेम भी मौजूद थे। हालांकि, रॉयटर्स इस बात की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका कि वीडियो में दिख रहा फोन कौन-सा मॉडल है। लेकिन मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने इसे iPhone 18 Pro बताया है।
रिपोर्ट के अनुसार, करीब 2 लाख इंटरनल फाइलें डार्क वेब पर लीक हुई हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इसी लीक के जरिए ऐप्पल के चर्चित फोल्डेबल iPhone समेत कई दूसरे अनलॉन्च प्रोडक्ट्स की जानकारी भी सामने आ सकती है।
टिपस्टर इवान ब्लास ने X पर ड्रॉप टेस्ट के कुछ वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें इस फोन की पहली झलक देखने को मिली। वीडियो में सिल्वर रंग का एक फोन दिख रहा है, जिसके किनारे फ्लैट हैं। इसे लैब जैसे कंट्रोल्ड माहौल में बार-बार सख्त सतह पर गिराकर टेस्ट किया जा रहा है। हालांकि वीडियो काफी छोटे हैं, लेकिन उनमें फोन पर कोई साफ नजर आने वाला नुकसान नहीं दिखता।
लीक से डिजाइन के बारे में क्या पता चलता है?
फोन का पिछला हिस्सा काफी हद तक iPhone 17 Pro जैसा नजर आता है। इसमें गोल किनारों वाले आयताकार कैमरा मॉड्यूल के अंदर तीन कैमरे, LED फ्लैश, LiDAR सेंसर और बीच में ऐप्पल का लोगो दिया गया है। कैमरों का लेआउट भी पहले की तरह त्रिकोणीय है। ऐसा लग रहा है कि इस बार पूरे बैक पैनल पर एक ही रंग का इस्तेमाल किया गया है और पहले जैसा टू-टोन फिनिश नहीं है। वहीं, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का मानना है कि वीडियो में दिख रहा ग्रे रंग असल में बिना फिनिश किया हुआ एल्युमीनियम हो सकता है। यानी यह टेस्ट फोन के फाइनल कलर के लिए नहीं, बल्कि उसकी मजबूती और डिजाइन को जांचने के लिए किया जा रहा था।
एप्पल के इतिहास का सबसे बड़ा लीक
मशहूर टिपस्टर आइस यूनिवर्स ने इस घटना को 'एप्पल के इतिहास का सबसे बड़ा लीक' बताया है। उनके मुताबिक, वीडियो देखकर लगता है कि फोन काफी मजबूत है, लेकिन इसकी मोटाई उम्मीद से ज्यादा नजर आती है। साथ ही उन्होंने कहा कि इसका वजन भी लोगों के लिए चिंता की वजह बन सकता है। आइस यूनिवर्स का यह भी कहना है कि Apple के 2026 लाइनअप का सबसे खास प्रोडक्ट, यानी फोल्डेबल iPhone, अभी तक सामने नहीं आया है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वह भी इसी डेटा लीक में सामने आ गया, तो इसे टेक इंडस्ट्री के अब तक के सबसे बड़े लीक्स में से एक माना जाएगा।
ड्रॉप टेस्ट के अलावा, iPhone 18 Pro को लेकर कई और बड़े अपग्रेड की भी चर्चा है। माना जा रहा है कि इसमें Apple की पहली 2nm A20 Pro चिप मिलेगी। इसके साथ ही फोन में बेहतर कूलिंग के लिए बड़ा वेपर चैंबर, पहले से छोटा डायनामिक आइलैंड और ज्यादा क्षमता वाली बैटरी भी दी जा सकती है।
