Apple iOS 18: एप्पल जल्द ही अपना नया ऑपरेटिंग सिस्टम वर्जन आईओएस 18 (iOS 18) रोल आउट करने वाला है। जैसा कि दावा किया गया है कि नए आईओएस में एआई फीचर्स को शामिल किया जाएगा। iOS 18 के एआई फीचर्स में से अपनी पसंद से इमोजी को बनाना भी शामिल होगा। इसका मतलब यह है कि नए इमोजी पाने के लिए सालाना अपडेट की का इंतजार करने के बजाय, यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से यूनिक इमोजी क्रिएट कर सकेंगे।
क्या होगा AI इमोजी का फायदा?
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन ने एप्पल के आगामी iOS 18 और macOS 15 में आने वाले नए एआई फीचर्स को लेकर दावा किया है। गुरमन के अनुसार, आईओएस 18 में कस्टम एआई इमोजी का ऑप्शन भी मिलेगा। जेनरेटर एआई यूजर्स के मैसेज के संदर्भ का एनालिसिस करेगा और स्थिति के हिसाब से उपयुक्त पर्सनलाइज इमोजी तैयार करेगा। यानी यूजर्स आईफोन और अन्य ऐप्पल डिवाइस पर उपलब्ध वर्तमान इमोजी के अलावा भी नए इमोजी का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे चैटिंग और मजेदार होने वाली है।
iOS 18 में मिलेंगे ये AI फीचर्स
आईओएस 18 के फीचर्स को लेकर लगातार दावे किए जा रहे हैं। इसमें इमोजी क्रिएशन टूल के अलावा, नोटिफिकेशन, फोटो और नोट्स के लिए भी कई एआई फीचर पेश किए जा सकते हैं। आईओएस 18 को सबसे पहले आईफोन 16 सीरीज के साथ पेश किया जा सकता है। यानी एप्पल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फीचर्स के लिए आपको अभी और इंतजार करना होगा।
होम स्क्रीन कस्टमाइजेशन भी मिलेगा
गुरमन ने आईओएस के अन्य फीचर्स को लेकर भी जानकारी दी है। गुरमन के अनुसार, iOS 18 होम स्क्रीन कस्टमाइजेशन के लिए भी नए फीचर्स लाएगा। यानी आईफोन में भी एंड्रॉयड फोन की तरह होमस्क्रीन की अपनी पसंद से कस्टमाइज किया जा सकेगा। यूजर्स को एप आइकन के डिजाइन को बदलने से लेकर कलर और विजेट को बदलने की सुविधा भी मिल सकती है।
