Nagpur News: महाराष्ट्र के नागपुर जिल से नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। सोमवार को अजनी रेलवे स्टेशन से गुजरने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंका। इस घटना में ट्रेन के A2 एसी कोच की खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया। हालांकि, घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
A2 कोच की खिड़की का बाहरी शीशा टूटा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12290 अजनी स्टेशन से आगे बढ़ने के बाद मनीष नगर के पास पहुंची थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने ट्रेन के A2 कोच पर पत्थर फेंका। जानकारी के अनुसार, पत्थर लगने से खिड़की का बाहरी शीशा सीट नंबर 13, 14, 15 और 16 के पास पूरी तरह टूट गया था। हालांकि खिड़की के अंदर का शीशा सुरक्षित रहने से यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।
ट्रेन का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ
नागपुर सेंट्रल रेलवे के नागपुर मंडल के अनुसार, पत्थरबाजी की घटना के बावजूद ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना होती रही और परिचालन में कोई बाधा नहीं आई। रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने वर्धा रेलवे स्टेशन के पास खिड़की के शीशे की अस्थायी रूप से मरम्मत की। रेलवे की ओर से घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।
एक महीने पहले भी हुई थी पत्थरबाजी
नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर करीब एक महीने पहले भी पत्थरबाजी की घटना सामने आई थी। उस समय बोरखेड़ी स्टेशन पार करने के बाद ट्रेन के A-1, B-2 और B-5 कोच की खिड़कियों के शीशे पत्थर लगने से क्षतिग्रस्त हुए थे। रेलवे के मुताबिक, उस घटना में भी किसी यात्री को चोट नहीं आई थी। RPF और GRP ने बोरखेड़ी-सिंधी सेक्शन में तलाशी अभियान चलाया था और आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की थी, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति या ठोस सबूत नहीं मिला था।
