टेक एंड गैजेट्स

Chrome में सेव पासवर्ड एक लापरवाही से हो सकता है लीक, PC और फोन में लगाएं सिक्योरिटी लॉक

Google Chrome में पासवर्ड को सुरक्षित रखने के लिए डिवाइस लॉक और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन जैसे ऑप्शन मिलते हैं। इनकी मदद से पासवर्ड देखने या ऑटोफिल करने से पहले आपकी पहचान को वेरिफाई किया जा सकता है।

Image

आप कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपने पासवर्ड की सिक्योरिटी को बढ़ा सकते हैं।

आज के समय में ज्यादातर लोग इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं। सोशल मीडिया से लेकर बैंकिंग और ऑनलाइन शॉपिंग तक, लगभग हर काम के लिए अलग-अलग अकाउंट बनाने पड़ते हैं। ऐसे में हर अकाउंट का पासवर्ड याद रखना आसान नहीं होता। यही वजह है कि लोग Google Chrome के Password Manager में अपने पासवर्ड सेव कर लेते हैं।

इस फीचर से बार-बार पासवर्ड डालने की जरूरत नहीं पड़ती और लॉगिन करना भी आसान हो जाता है। लेकिन इसमें एक खतरा भी छिपा है। अगर आपका फोन या लैपटॉप किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ में चला जाए और डिवाइस अनलॉक हो, तो वह आपके सेव पासवर्ड तक पहुंचने की कोशिश कर सकता है। इससे आपकी निजी जानकारी और ऑनलाइन अकाउंट की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

हालांकि, Google Chrome में पासवर्ड को सुरक्षित रखने के लिए डिवाइस लॉक और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन जैसे ऑप्शन मिलते हैं। इनकी मदद से पासवर्ड देखने या ऑटोफिल करने से पहले आपकी पहचान को वेरिफाई किया जा सकता है। आइए जानते हैं PC और स्मार्टफोन में इस सुरक्षा फीचर को कैसे चालू करें।

PC और लैपटॉप में ऐसे लगाएं सिक्योरिटी लॉक

अगर आप अपने कंप्यूटर या लैपटॉप में Chrome का इस्तेमाल करते हैं, तो सेव पासवर्ड को सुरक्षित रखने के लिए ये आसान स्टेप्स अपनाएं।

  • सबसे पहले अपने कंप्यूटर या लैपटॉप में Google Chrome खोलें।
  • ऊपर दाईं तरफ दिए गए तीन डॉट्स पर क्लिक करें।
  • अब Passwords and Autofill के ऑप्शन पर जाएं।
  • यहां Google Password Manager को ओपन करें।
  • इसके बाद बाईं तरफ मौजूद Settings पर क्लिक करें।
  • अब Use Windows Hello when filling passwords या Use device lock का विकल्प तलाशें।
  • अब आपको इस ऑप्शन को ऑन करना होगा और जरूरत पड़ने पर डिवाइस की पहचान को भी वेरिफाई करना होगा।

इसके बाद पासवर्ड देखने या ऑटोफिल करने के दौरान Chrome आपके कंप्यूटर का PIN, पासवर्ड या फिंगरप्रिंट मांग सकता है। इससे किसी दूसरे व्यक्ति के लिए आपके सेव पासवर्ड देखना मुश्किल हो जाता है।

ऐसे सुरक्षित रखें अपने सेव पासवर्ड

अगर आप मोबाइल में Google Chrome का इस्तेमाल करते हैं, तो यहां भी पासवर्ड की सुरक्षा के लिए स्क्रीन लॉक या बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए आपको बताते हैं कि इसे कैसे एक्टिव करना है।

  • अपने स्मार्टफोन में Google Chrome ऐप खोलें।
  • ऊपर दिए गए तीन डॉट्स पर टैप करके Settings में जाएं।
  • अब Password Manager के ऑप्शन को चुनें।
  • स्क्रीन पर दिखाई देने वाले सेटिंग्स आइकन पर टैप करें।
  • यहां Biometric authentication या Use screen lock का विकल्प देखें। इस फीचर को ऑन कर दें।
  • जरूरत पड़ने पर अपने फोन के फिंगरप्रिंट, फेस अनलॉक या स्क्रीन लॉक से इसको कंफर्म करें।

इन बातों का भी रखें ध्यान

  • अपना फोन या लैपटॉप किसी दूसरे व्यक्ति को देते समय उसे अनलॉक छोड़कर न जाएं।
  • साइबर कैफे या किसी सार्वजनिक कंप्यूटर पर अपना Google अकाउंट लॉगिन करने से बचें।
  • अगर किसी दूसरे डिवाइस पर अकाउंट लॉगिन करना जरूरी हो, तो काम पूरा होने के बाद लॉगआउट जरूर करें।
  • अपने Google अकाउंट में मजबूत और अलग पासवर्ड का इस्तेमाल करें।
  • अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें।
  • अपना फोन या लैपटॉप इस्तेमाल न करते समय स्क्रीन लॉक जरूर रखें।
Google Chrome का Password Manager पासवर्ड याद रखने और अकाउंट में लॉगिन करने का आसान तरीका है। लेकिन केवल पासवर्ड सेव कर लेना ही पर्याप्त नहीं है। उसकी सुरक्षा करना भी उतना ही जरूरी है। PC और स्मार्टफोन में उपलब्ध डिवाइस लॉक या बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन फीचर को एक्टिव करके आप अपने सेव पासवर्ड को एक्स्ट्रा प्रोटेक्शन दे सकते हैं। इसलिए अगर आप भी Chrome में अपने पासवर्ड सेव रखते हैं, तो आज ही इसकी सिक्योरिटी सेटिंग्स चेक करें और अपने निजी अकाउंट को सुरक्षित बनाएं।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article