टेक एंड गैजेट्स

Airtel ने बंद किया अपना सबसे सस्ता अनलिमिटेड प्रीपेड प्लान, अब कराना होगा 50 रुपये महंगा रिचार्ज

Airtel ने अपना ₹299 प्रीपेड रिचार्ज प्लान बंद कर दिया है। अब ₹349 कंपनी का सबसे सस्ता अनलिमिटेड प्लान होगा। जानें नए प्लान के फायदे, डेटा, वैधता और अन्य बेनिफिट्स।

Image

₹299 प्लान में क्या मिलते थे फायदे?

देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी Airtel ने अपने सबसे किफायती अनलिमिटेड प्रीपेड रिचार्ज प्लान को बंद कर दिया है। कंपनी ने ₹299 वाले प्रीपेड प्लान को अपनी आधिकारिक वेबसाइट और Airtel Thanks ऐप से हटा दिया है। यह प्लान पिछले साल कीमत बढ़ने के बाद लॉन्च हुआ था और करीब एक साल तक ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहा। अब इसकी जगह ₹349 का प्रीपेड प्लान Airtel का सबसे सस्ता अनलिमिटेड रिचार्ज विकल्प बन गया है।

₹299 प्लान में क्या मिलते थे फायदे?

Airtel का ₹299 प्रीपेड प्लान 28 दिनों की वैधता के साथ आता था। इसमें ग्राहकों को अनलिमिटेड लोकल और एसटीडी कॉलिंग, प्रतिदिन 1GB हाई-स्पीड 4G/5G डेटा और रोज 100 SMS मिलते थे। इसके अलावा, फ्री हेलोट्यून और Perplexity Pro AI का सब्सक्रिप्शन भी इस प्लान का हिस्सा था। अब कंपनी ने इस प्लान को पूरी तरह से बंद कर दिया है।

अब ₹349 प्लान बना सबसे किफायती विकल्प

₹299 प्लान हटने के बाद Airtel का ₹349 प्रीपेड रिचार्ज सबसे सस्ता अनलिमिटेड प्लान बन गया है। इस प्लान में 28 दिनों की वैधता के साथ प्रतिदिन 2GB हाई-स्पीड डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और रोज 100 SMS मिलते हैं। इसके अलावा, ग्राहकों को 6 महीने का मुफ्त Apple Music सब्सक्रिप्शन, Airtel Hello Tunes और 12 महीने का Adobe Express Premium भी दिया जा रहा है।

₹399 प्लान में मिलते हैं अतिरिक्त फायदे

यदि आपको अधिक डेटा की जरूरत है, तो Airtel का ₹399 प्रीपेड प्लान भी उपलब्ध है। इसमें ₹349 प्लान जैसी सभी सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन रोजाना 2.5GB हाई-स्पीड डेटा दिया जाता है। साथ ही, इस प्लान में Apple Music की जगह 28 दिनों का JioHotstar Mobile सब्सक्रिप्शन भी शामिल है।

पिछले साल बढ़ी थी कीमत

गौरतलब है कि Airtel ने पिछले साल अगस्त में अपने ₹249 वाले प्रीपेड प्लान की कीमत बढ़ाकर ₹299 कर दी थी। अब करीब एक साल बाद कंपनी ने इस प्लान को पूरी तरह बंद कर दिया है और ग्राहकों के लिए ₹349 वाले प्लान को शुरुआती अनलिमिटेड विकल्प के रूप में पेश किया है।

₹579 और ₹619 प्लान को लेकर भी चर्चा

इस बीच, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टिप्स्टर संजू चौधरी ने दावा किया है कि Airtel ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सर्किल में ₹579 और ₹619 वाले प्रीपेड प्लान भी बंद कर दिए हैं। उनका कहना है कि जल्द ही इन प्लान्स को अन्य सर्किलों से भी हटाया जा सकता है, हालांकि फिलहाल कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर ये दोनों प्लान कुछ क्षेत्रों में उपलब्ध दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में इन प्लान्स को लेकर Airtel की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article