शहर

दिल्ली को मिलीं 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट ISBT से दिखाई हरी झंडी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट ISBT से 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इनमें दिल्ली-हापुड़ के बीच चलने वाली अंतरराज्यीय ई-बसें भी शामिल हैं। DTC बेड़े में अब 5338 इलेक्ट्रिक बसें हो गई हैं।

Image

डीटीसी बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 5300 पार

Photo : ANI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और प्रदूषण-मुक्त बनाने की दिशा में शुक्रवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे से 100 नई AC इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नई बसों के बेड़े में शामिल होने के साथ ही दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी, जिसमें अंतरराज्यीय मार्गों विशेषकर दिल्ली-हापुड़ रूट पर भी ई-बसों का संचालन शुरू किया गया है।

DTC के बेड़े में बसों की संख्या 7,000 के पार

इन 100 नई ई-बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और दिल्ली सरकार के कुल बेड़े में सुधार दर्ज किया गया है। दिल्ली में अब सार्वजनिक बसों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 7,088 हो गई है। बेड़े में अब 5,338 इलेक्ट्रिक बसें और 1,750 सीएनजी बसें संचालित हो रही हैं। आज शुरू की गई 100 बसों में 50 बसें 9 मीटर लंबाई की हैं (जो संकरे और भीड़भाड़ वाले रूटों के लिए मुफीद हैं) तथा 50 बसें 12 मीटर मानक लंबाई की हैं।

2028-29 तक 14 हजार बसों का लक्ष्य: परिवहन मंत्री

कार्यक्रम में मौजूद दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने सरकार की भविष्य की योजनाओं का खाका सामने रखा। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक दिल्ली में बसों की कुल संख्या को बढ़ाकर 14,000 करना है, ताकि राजधानी का 100% सार्वजनिक बस बेड़ा पूरी तरह से इलेक्ट्रिक और शून्य-उत्सर्जन वाला बन सके। सभी नई बसें लो-फ्लोर और पूरी तरह से वातानुकूलित हैं। इनमें महिलाओं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीसीटीवी (CCTV) कैमरे, पैनिक बटन और रियल टाइम जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम इंस्टॉल किए गए हैं। बसों को रैंप और विशेष सीटिंग व्यवस्था के साथ दिव्यांग यात्रियों के लिए बेहद सुगम बनाया गया है।

दिल्ली से हापुड़ के लिए शुरू हुईं 12 अंतरराज्यीय ई-बसें

दिल्ली सरकार केवल शहर के भीतर ही नहीं, बल्कि NCR के पड़ोसी शहरों के साथ भी अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इस पहल के तहत आनंद विहार ISBT से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच 12 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच रोजाना अप-डाउन करने वाले हजारों यात्रियों को प्रदूषण-मुक्त, आरामदायक और सुलभ परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article