स्पोर्ट्स

US Open 2024: यानिक सिनर ने इस खिलाड़ी के खिलाफ दर्ज की आसान जीत, अब पहुंचे प्री-क्वार्टर फाइनल में

US Open 2024: साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन का रोमांच धीरे-धीरे बढ़ रहा है। विश्व के नंबर एक पुरुष खिलाड़ी यानिक सिनर टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पहुंच गए हैं। टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में सिनर ने क्रिस ओ'कोनेल के खिलाफ आसान जीत हासिल की थी।

Image

यानिक सिनर। (फोटो- US Open Tennis X)

Photo : Twitter

US Open 2024: विश्व के नंबर एक पुरुष खिलाड़ी यानिक सिनर ने क्रिस ओ'कोनेल पर आसान जीत के साथ अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश किया। नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्कराज के बाहर होने के बाद सिनर को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है और उन्होंने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए दो घंटे से भी कम समय में ओ'कोनेल पर 6-1, 6-4, 6-2 से जीत हासिल की।

अमेरिकी ओपन में 2021 के चैंपियन दानिल मेदवेदेव भी अगले दौर में पहुंचने में सफल रहे। रूस के इस खिलाड़ी ने फ्लेवियो कोबोली को 6-3, 6-4, 6-3 से हराया। उनका अगला मुकाबला नूनो बोर्जेस से होगा, जिन्होंने जैकब मेन्सिक को 6-7 (5), 6-1, 3-6, 7-6 (6), 6-0 से पराजित किया। महिला वर्ग में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी और यहां 2022 की चैंपियन इगा स्वियातेक ने 25वीं वरीयता प्राप्त अनास्तासिया पाव्लुचेनकोवा को 6-4, 6-2 से हराकर लगातार चौथे वर्ष अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में प्रवेश किया।

पांचवीं वरीयता प्राप्त जैस्मीन पाओलिनी को भी यूलिया पुतिनत्सेवा को 6-3, 6-4 से हराने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उनका अगला मुकाबला 2023 की फ्रेंच ओपन फाइनलिस्ट कैरोलिना मुचोवा से होगा। महिला वर्ग में जेसिका पेगुला, ल्यूडमिला सैमसोनोवा, डायना श्नाइडर और 2018 की ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन कैरोलिन वोज्नियाकी भी आगे बढ़ने में सफल रही। जनवरी में ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अपने करियर का पहला खिताब हासिल करने वाले सिनर सोमवार को चौथे दौर में अमेरिका के टॉमी पॉल से भिड़ेंगे। पॉल ने कनाडाई क्वालीफायर गेब्रियल डायलो को 6-7 (5), 6-3, 6-1, 7-6 (3) से हराया।

सिनर ने अपने अगले प्रतिद्वंदी के बारे में कहा,‘उसने हाल में अपने खेल में काफी सुधार किया है और वह कड़ी चुनौती पेश करता है। विशेषकर अमेरिका में उसने अच्छा प्रदर्शन किया है। यह कड़ा मैच होगा।’ अल्कराज को हराने वाले वैन डे ज़ैंडस्चुल्प अपना विजय अभियान आगे नहीं बढ़ा पाए और उन्हें जैक ड्रेपर से 6-3, 6-4, 6-2 से हार का सामना करना पड़ा। ब्रिटेन के 22 वर्षीय खिलाड़ी ड्रेपर कभी भी चौथे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए। उनका अगला मुकाबला गैरवरीयता प्राप्त टॉमस मचाक से होगा जिन्होंने डेविड गोफिन पर 6-3, 6-1, 6-2 से जीत हासिल की।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article