स्पोर्ट्स

कौन हैं खालिद जमील, 13 साल बाद भारतीय फुटबॉल टीम को मिला देसी कोच

Who Is Khalid Jamil New Coach of Indian football team: भारत को आखिरकार 13 सालों बाद भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम का मुख्य कोच एक भारतीय को बनाया गया है। ये कोच हैं खालिद जमील, आइए जानते हैं इनके बारे में खास बातें।

Image

खालिद जमील (Facebook/IndianFootballTeam)

Who is Khalid Jamil: आइजोल फुटबॉल क्लब को 2017 में आई-लीग खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले खालिद जमील को शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय पुरुष फुटबॉल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया और इस तरह से वह पिछले 13 वर्षों में प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने वाले पहले भारतीय बन गए।

पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और वर्तमान में इंडियन सुपर लीग की टीम जमशेदपुर एफसी के प्रभारी 48 वर्षीय जमील को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की कार्यकारी समिति ने इस पद के लिए चुना।

भारतीय टीम का कोच बनने की दौड़ में जमील के अलावा भारत के पूर्व मुख्य कोच स्टीफन कॉन्स्टेंटाइन और और स्लोवाकिया के मुख्य कोच रह चुके स्टीफन टारकोविच शामिल थे।

अपने जमाने के दिग्गज स्ट्राइकर आईएम विजयन की अगुवाई वाली एआईएफएफ की तकनीकी समिति ने कार्यकारी समिति के अंतिम निर्णय के लिए तीन उम्मीदवारों को चुना था।

एएफसी प्रो लाइसेंस डिप्लोमा धारक जमील स्पेन के मनोलो मार्केज़ का स्थान लेंगे, जो भारत के हाल में खराब प्रदर्शन के बाद अपने पद से हट गए थे। राष्ट्रीय पुरुष टीम के मुख्य कोच का पद संभालने वाले अंतिम भारतीय सावियो मेडेइरा थे, जो 2011 से 2012 तक इस पद पर रहे।

जमील की नई भूमिका में पहला काम सेंट्रल एशियन फुटबॉल एसोसिएशन (सीएएफए) नेशंस कप होगा, जो 29 अगस्त से ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान में खेला जाएगा।

जमील लंबे समय से भारतीय फुटबॉल से जुड़े हुए हैं। कोच के रूप में अपने एक दशक से भी अधिक समय के करियर की उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि आइज़ॉल एफसी के साथ 2016-17 का आई-लीग खिताब जीतना था। तब इस क्लब ने मोहन बागान, ईस्ट बंगाल और बेंगलुरु एफसी जैसी बड़ी टीमों को हराया था।

मुंबई के रहने वाले जमील को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव है। उनके कोच रहते हुए 2020-21 में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड और 2024-25 में जमशेदपुर एफसी ने आईएसएल के प्ले ऑफ जगह बनाई थी।

उनके सामने अब भारतीय टीम के प्रदर्शन में सुधार लाने की कठिन चुनौती होगी। भारत का पिछले कुछ महीनो में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। भारतीय टीम 10 जून को एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर के एक मैच में निचली रैंकिंग वाली हांगकांग से 0-1 से हार गई थी और उस पर अब 2027 में होने वाली महाद्वीपीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने से चूकने का खतरा मंडरा रहा है। सीएएफए नेशंस कप के बाद भारत नौ और 14 अक्टूबर को सिंगापुर के खिलाफ एएफसी एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के मैच खेलेगा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article