स्पोर्ट्स

HEAT DOME: क्या है 'हीट डोम', जो अमेरिका में फीफा विश्व कप टीमों के पसीने छुड़ाने वाला है, क्या हैं तैयारियां

What Is Heat Dome, FIFA World Cup 2026: फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट राउंड के मैच चल रहे हैं। कुछ बड़ी टीमें बाहर भी हो चुकी हैं और अभी भी कई मुकाबले बाकी हैं। अमेरिकी जमीन पर जिन टीमों के मैच हैं उन्हें विरोधी टीम के साथ-साथ 'हीट डोम' का भी सामना करना है। क्या है ये हीट डोम और इसके बारे में सुनकर क्यों हैं खिलाड़ी परेशान, यहां जानिए।

Image

फीफा विश्व कप में हीट डोम से घबराई हैं टीमें (AI-Generated Image)

Heat Wave During FIFA World Cup 2026: अमेरिका में गर्मियों में होने वाले फुटबॉल विश्व कप पर गर्मी का असर पड़ना तय था लेकिन इस हफ्ते होने वाले कुछ नॉकआउट दौर के मुकाबलों के दौरान तापमान खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए खतरनाक हो सकता है। इस हफ्ते अमेरिका के मध्य और पूर्वी हिस्सों में खतरनाक ’हीट डोम’ (गर्मी का गुंबद) छा जाएगा। इससे कुछ इलाकों में हवा के तापमान और नमी को मिलाकर तय किया जानोन वाला ’हीट इंडेक्स’ तापमान 100 डिग्री फारेनहाइट (लगभग 38 डिग्री सेल्सियस) से ऊपर जा सकता है। इन हालात में विश्व कप की मेजबानी करने वाले शहरों जैसे बोस्टन, फिलाडेल्फिया और कन्सास सिटी में तापमान औसत से अधिक रहेगा।

मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली कंपनी ’एक्यूवेदर’ के सहायक मुख्य वीडियो मौसम विज्ञानी जेफ कॉर्निश ने कहा, "यह हफ्ता बहुत अधिक गर्म रहने वाला है। यह गर्मी की एक बहुत तेज लहर (हीट वेव) होगी जैसी हर साल देखने को नहीं मिलती।" अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले मुकाबलों के दौरान भीषण गर्मी को लेकर कई महीनों से चिंताएं बनी हुई हैं। तेल, गैस और कोयले के इस्तेमाल से तेजी से हो रहे जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया भर में खतरनाक गर्मी बढ़ रही है। राष्ट्रीय समुद्री और वायुमंडलीय प्रशासन के अनुसार अमेरिका में हर साल तूफान, बाढ़ और बवंडर जैसी मौसम से जुड़ी अन्य सभी घटनाओं की तुलना में गर्मी से अधिक लोगों की मौत होती है।

इस हफ्ते कितनी गर्मी होगी? राष्ट्रीय मौसम सेवा ने फिलाडेल्फिया और आसपास के इलाकों के लिए बुधवार दोपहर से शनिवार शाम तक भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। दिन के समय खतरनाक रूप से गर्म ’फील लाइक’ तापमान (यानी गर्मी का एहसास कराने वाला तापमान) 110 डिग्री फारेनहाइट °(लगभग 43.3 डिग्री सेल्सियस) तक पहुंच सकता है। इसके चलते फिलाडेल्फिया में फीफा का ’फैन फेस्टिवल’ इस हफ्ते अपने समय में बदलाव कर रहा है।

कॉर्निश ने कहा, "जो लोग गर्मी से निपटने की तैयारी किए बिना लंबे समय तक बाहर रहेंगे उनके लिए यह अत्यधिक गर्मी और खतरनाक स्थिति होगी।" कन्सास सिटी और पश्चिमी-मध्य मिसौरी के कुछ हिस्सों में शुक्रवार रात तक भीषण गर्मी की चेतावनी जारी है। यहां हीट इंडेक्स 105 से 110 डिग्री फारेनहाइट (लगभग 40.6 से 43.3 डिग्री सेल्सियस) तक पहुंचने की उम्मीद है।

न्यूयॉर्क में तापमान रिकॉर्ड बनाने के करीब, जानलेवा तपिश की चेतावनी

न्यूयॉर्क शहर के इलाके में तापमान रिकॉर्ड के करीब है। यहां तापमान 109 डिग्री फारेनहाइट (लगभग 42.8 डिग्री सेल्सियस) तक पहुंच सकता है और रात में भी गर्मी से बहुत कम राहत मिलेगी। बुधवार दोपहर से शनिवार शाम तक भीषण गर्मी की चेतावनी लागू रहेगी। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा, ठइतनी अधिक गर्मी उन लोगों के लिए जानलेवा हो सकती है जिनके पास ठंडक और पानी की पर्याप्त सुविधा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे परिवहन, बिजली और पानी की व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।

’एक्सर्शनल हीट इलनेस’ का शिकार हो सकते हैं खिलाड़ी

बोस्टन और दक्षिणी न्यू इंग्लैंड के अधिकतर हिस्सों में हीट इंडेक्स 111 डिग्री फारेनहाइट (लगभग 43.9 डिग्री सेल्सियस) तक पहुंच सकता है। यहां बुधवार सुबह से मौसम की चेतावनी लागू हो जाएगी। खिलाड़ियों के साथ मेडिकलकर्मी होते हैं। तापमान चाहे जो भी हो हर हाफ के बीच में तीन मिनट का पानी का ब्रेक मिलता है और गर्मी से बचाव के दूसरे उपाय भी होते हैं। लेकिन बहुत अधिक ट्रेनिंग करने वाले और बेहतरीन खिलाड़ी भी ’एक्सर्शनल हीट इलनेस’ (अधिक मेहनत और गर्मी से होने वाली बीमारी) का शिकार हो सकते हैं। यह तब होता है जब शरीर का तापमान बहुत बढ़ जाता है और चिलचिलाती गर्मी में जोरदार कसरत करने से शरीर पर बहुत अधिक दबाव पड़ता है। इसके लक्षणों में बहुत अधिक थकान, प्रदर्शन में कमी, सिरदर्द, चिड़चिड़ापन, चक्कर आना, ऐंठन और शरीर में पानी की कमी शामिल हैं। ’एक्सर्शनल हीट इलनेस’ के लिए तुरंत चिकित्सा मदद की जरूरत होती है और यह खिलाड़ियों की मौत का तीसरा सबसे बड़ा कारण है।

खिलाड़ियों के कौशल पर पड़ेगा असर

गर्मी से खेल की तेजी भी कम हो जाती है। खिलाड़ी खुद को ढालने के लिए अपनी दौड़ने की रफ्तार, तय की जाने वाली दूरी या जोखिम लेने की आदत में बदलाव करते हैं। विश्व एथलेटिक्स (एथलेटिक्स की वैश्विक संचालन संस्था) के 2023 के एक सर्वे में जवाब देने वाले 75 प्रतिशत एथलीटों ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का असर उनकी सेहत और प्रदर्शन पर बुरा असर डाल रहा है। दर्शकों, स्वयंसेवियों और कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ा ख़तरा स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों के क्षेत्र, परिवहन रूट, कार पार्क और खुली जगहों पर होने वाले जश्न के दौरान हो सकता है जहां उनके घंटों तक गर्मी के संपर्क में रहने की संभावना अधिक होती है। कई फुटबॉल प्रशंसक शराब पीते हुए भी विश्व कप देखते हैं। गर्मी में ऐसा करना जोखिम भरा हो सकता है।

मैदान के आस-पास तैनात रहेंगे चिकित्साकर्मी

कुछ शहरों और स्टेडियमों ने दर्शकों और कर्मचारियों के लिए छाया, ठंडक प्रदान करेन वाले स्थान और पानी की सुविधा बढ़ाई है और कहा है कि वे जनता के लिए गर्मी से जुड़ी सूचनाएं जारी करेंगे। मैच के दौरान गर्मी से होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए ’फीफा फैन फेस्टिवल’ और स्टेडियम के आसपास चिकित्साकर्मी भी तैनात रहेंगे।

गर्मी से बचने के लिए खूब पानी या तरल पदार्थ पिएं, छाया या वातानुकूलित जगहों पर रहें और धूप से बचें। अगर आपको बाहर जाना पड़े तो हल्के और ढीले कपड़े पहनें और दिन के सबसे गर्म समय में अधिक मेहनत वाले काम नहीं करें। मियामी विश्वविद्यालय की काइनेसियोलॉजी और खेल विज्ञान विभाग में एसोसिएट क्लीनिकल प्रोफेसर मैगी एल्डौसानी ने कहा कि शराब कम पिएं और शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article