स्पोर्ट्स

शाहनवाज खान ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान, CM योगी ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विश्व एथलेटिक्स U-20 चैंपियनशिप 2026 की पुरुष लंबी कूद में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शाहनवाज खान को बधाई दी। शाहनवाज 8.30 मीटर के साथ राष्ट्रीय U-20 रिकॉर्डधारी हैं और वर्तमान एशियाई U-20 चैंपियन भी हैं

Image

शाहनवाज खान को सीएम योगी ने दी बधाई (फोटो साभार- X/@myogiadityanath)

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को विश्‍व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 की पुरुष लंबी कूद स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत को गौरव दिलाने वाले प्रदेश के होनहार खिलाड़ी शाहनवाज खान को हार्दिक बधाई दी। योगी आदित्‍यनाथ ने अपने आधिकारिक ’एक्‍स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, ’’विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 की पुरुष लंबी कूद स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत को गौरव दिलाने वाले उत्तर प्रदेश के होनहार खिलाड़ी शाहनवाज खान को हार्दिक बधाई।’’

CM योगी ने पोस्ट में कहा, ’’संघर्ष, संकल्प और अथक परिश्रम से अर्जित आपकी यह उपलब्धि प्रदेश और देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। उत्तर प्रदेश और समूचे भारत को आप पर गर्व है। आपके उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं! ’’ विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 में शाहनवाज खान ने लंबी कूद में कांस्य पदक जीता जिससे भारत के लिए यह दिन यादगार बन गया। शाहनवाज ने पुरुषों की लंबी कूद में 7.84 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीतकर चैंपियनशिप में भारत के पदकों की संख्या में वृद्धि की।

18 वर्षीय शाहनवाज ने अपने तीसरे प्रयास में सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई। उन्होंने क्रमश: 7.67 मीटर, 7.72 मीटर, 7.84 मीटर, 7.52 मीटर, 7.83 मीटर और 5.37 मीटर छलांग लगाई। इटली के डेनियल इन्जोली ने 7.97 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मेसन मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया। शाहनवाज देश के सबसे होनहार लंबी कूद खिलाड़ियों में शामिल हैं। राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मुरली श्रीशंकर भी उनकी जमकर तारीफ कर चुके हैं।

शहनवाज 8.30 मीटर के साथ राष्ट्रीय अंडर-20 रिकॉर्डधारी हैं और मौजूदा एशियाई अंडर-20 चैंपियन भी हैं। इस सत्र में 8.30 मीटर की कूद के साथ वह एशिया की सीनियर रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं। जून में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में उन्होंने 8.30 मीटर की छलांग लगाई, लेकिन 8.38 मीटर के साथ मुरली श्रीशंकर उनसे आगे रहे। मई में एशियाई अंडर-20 चैंपियनशिप में उन्होंने 7.84 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता था।

पिछले चार महीनों में शहनवाज ने अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.23 मीटर से बढ़ाकर 8.30 मीटर कर लिया है। इतनी कम उम्र में उनका यह प्रदर्शन भारतीय खिलाड़ियों में अब तक का तीसरा सर्वश्रेष्ठ है। उनसे आगे केवल जेस्विन एल्ड्रिन (8.42 मीटर) और मुरली श्रीशंकर (8.41 मीटर) हैं। उन्होंने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा तय 2026 एशियाई खेलों का क्वालिफिकेशन मानक भी हासिल कर लिया है। शाहनवाज उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के मढ़ईपुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता नसीमुद्दीन टैक्सी चालक थे जिनका 2018 में कैंसर से निधन हो गया था। तब शाहनवाज केवल 10 साल के थे। इसके बाद उनके चाचाओं (राष्ट्रीय स्तर के एथलीट रह चुके) ने उनका मार्गदर्शन किया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article