पंजाबी

Diljit Dosanjh के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले बम धमकी से मचा हड़कंप, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट को भी मिला धमकी भरा ईमेल

Diljit Dosanjh Indore Concert: 15 नवंबर को इंदौर में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होने वाला है। इसके बाद मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसमें दिलजीत के कॉन्सर्ट का भी जिक्र है।

Image

दिलजीत दोसांझ कॉन्सर्ट से पहले मध्य प्रदेश हाई कोर्ट को मिली धमकी (Pic Credit: Instagram)

Diljit Dosanjh Indore Concert: पंजाबी सिंगर और ग्लोबल म्यूजिक सेंसेशन दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने औरा टूर के चलते लगातार चर्चा में बने हुए हैं। दिल्ली में शानदार कॉन्सर्ट करने के बाद अब दिलजीत दोसांझ इंदौर में म्यूजिक कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं। 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले उनके लाइव शो से पहले कई स्कूलों, इंदौर मेयर कार्यालय और अब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इन धमकियों के मिलने एक बाद हड़कंप मच गया है। लगातार मिल रही इन धमकियों के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। (टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: YRKKH: Hina Khan और Rajan Shahi के बीच खत्म हुई पुरानी लड़ाई, क्या दिवाली पर हुआ पैचअप?)

दिलजीत दोसांझ कॉन्सर्ट से पहले मध्य प्रदेश हाई कोर्ट को मिली धमकी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच की आधिकारिक वेबसाइट पर एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया। इस ईमेल में हाई कोर्ट की इमारत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। खास बात यह है कि इसमें दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया था। ग्वालियर के सिटी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस रॉबिन जैन ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। इस ईमेल के बाद अब हाई कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में इंदौर और भोपाल पुलिस की मदद ली जा रही है। फिलहाल पुलिस की टीमें ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।

तीन स्कूलों और मेयर कार्यालय को भी मिल चुकी है धमकी

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से जुड़ी धमकियों का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और इंदौर मेयर कार्यालय को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे। इन ईमेल में बम धमाके की चेतावनी देने के साथ बच्चों को कॉन्सर्ट में शामिल न होने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि जांच के दौरान वहां कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। (टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Pawan Kalyan-Anna के तलाक पर एक्स पत्नी Renu Desai का पोस्ट, बोलीं- कोई भी परफेक्ट नहीं)

बम धमकी के बीच दिलजीत दोसांझ ने फैंस को दिया भरोसा

लगातार मिल रही धमकियों के बीच दिलजीत दोसांझ ने अपने फैंस को राहत देते हुए साफ कर दिया है कि उनका इंदौर कॉन्सर्ट तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। हाल ही में इंस्टाग्राम लाइव के दौरान सिंगर ने शो कैंसिल होने की अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह 15 नवंबर को 101 प्रतिशत इंदौर पहुंचेंगे। दिलजीत ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि वह सबसे पहले इंदौर पहुंचकर पोहा खाएंगे और फिर पूरी एनर्जी के साथ परफॉर्म करेंगे।

धमकियों को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने भी न्यूज में इस बारे में सुना है लेकिन उन्हें पता है कि ऐसी परिस्थितियों को कैसे संभालना है। सिंगर के इस बयान के बाद उनके फैंस में कॉन्सर्ट को लेकर उत्साह बना हुआ है। दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट सिर्फ सुरक्षा विवाद की वजह से ही नहीं बल्कि गानों पर लगे प्रतिबंध को लेकर भी चर्चा में है। प्रशासन ने उनके चार लोकप्रिय गानों को कॉन्सर्ट की सेटलिस्ट में शामिल नहीं करने के निर्देश दिए हैं।

Lalit Kumar
ललित कुमार author

ललित कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में बतौर राइटर जुड़े हैं। पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद ललित ने एंटरटेनमेंट बीट में अपना करियर शुरू किया और बॉलीवुड, टीवी, वेब सीरीज और सेलेब्रिटी लाइफ से जुड़ी खबरों की गहरी समझ विकसित की। मीडिया में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले ललित एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स, ब्रेकिंग अपडेट्स, फिल्म/वेब सीरीज कवरेज को यूजर-फ्रेंडली अंदाज में पेश करने में माहिर हैं और अबतक 13,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article