स्पोर्ट्स

अस्मिता डे को त्रिपुरा में घर बनाने के लिए मिली जमीन, मुख्यमंत्री ने जूडो खिलाड़ी को किया सम्मानित

राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड पदक जीतने वाली पहली भारतीय जूडो खिलाड़ी त्रिपुरा की अस्मिता डे को बुधवार को राज्य सरकार ने भव्य समारोह में सम्मानित किया। अस्मिता को 10 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि अस्मिता डे को जमीन आवंटित कर दी गई है।

Image

अस्मिता डे को घर बनाने की मिली जमीन। फोटो- PTI

अगरतला, (भाषा)। राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड पदक जीतने वाली पहली भारतीय जूडो खिलाड़ी त्रिपुरा की अस्मिता डे को बुधवार को राज्य सरकार ने भव्य समारोह में सम्मानित किया। अस्मिता को 10 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया। उन्होंने हाल में ग्लासगो में महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग का खिताब कनाडा की हेइडी क्वाच को गोल्डन स्कोर मुकाबले में हराकर जीता था। उन्होंने शानदार वापसी करते हुए यह जीत दर्ज की थी।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि 23 वर्षीय जूडो खिलाड़ी को राज्य की राजधानी अगरतला में मकान बनाने के लिए जमीन का एक टुकड़ा भी आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा, दक्षिण त्रिपुरा के एक गुमनाम गांव से ग्लासगो में पोडियम तक का उनका सफर समय के खिलाफ दौड़ जैसा था। उनके पिता सोनाइचारी में साइकिल मैकेनिक थे। तमाम मुश्किलों के बावजूद वह अपने लक्ष्य पर डटी रहीं और देश के लिए शानदार सफलता हासिल की।

आवंटित की गई जमीन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीतने के बाद नई दिल्ली लौटने पर अस्मिता ने त्रिपुरा भवन में उनसे मुलाकात की थी और जानना चाहा था कि राज्य उनकी किस तरह मदद कर सकता है। उन्होंने कहा, बैठक के दौरान अस्मिता ने बताया कि वह अगरतला में अपना घर चाहती हैं। मैंने उनकी इच्छा पूरी करने का वादा किया था और आज उन्हें जमीन का एक टुकड़ा आवंटित कर दिया गया है।

डोप से बचे रहने का किया आग्रह

मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्मिता की सफलता राज्य के युवाओं को प्रेरित करेगी और उनसे एशियाई खेलों में पदक के अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, मैं अस्मिता से खासकर खान-पान को लेकर सतर्क रहने का आग्रह करता हूं, क्योंकि प्रतिष्ठित एशियाई खेलों में हिस्सा लेने से पहले उन्हें कड़े डोप परीक्षण से गुजरना होगा। हमें विश्वास है कि वह एशियाई खेलों में भी देश के लिए पदक जीतेंगी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article