Tiger Woods DUI Case: दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में फंस गए हैं। फ्लोरिडा में हुए रोलओवर कार क्रैश के बाद उनके खिलाफ चल रहे ड्राइविंग अंडर इन्फ्लुएंस (DUI) मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, वुड्स अपनी 'नॉट गिल्टी' प्ली को बदलने की योजना बना रहे हैं। मंगलवार को कोर्ट में दाखिल दस्तावेजों में इसका जिक्र किया गया है। यह पूरा मामला इसी साल मार्च का है। मार्टिन काउंटी में जुपिटर आइलैंड के एक रिहायशी रोड पर वुड्स की लैंड रोवर तेज रफ्तार में थी और एक ट्रक से टकराकर पलट गई। गनीमत रही कि वुड्स को कोई चोट नहीं आई, लेकिन ट्रक को करीब 5,000 डॉलर का नुकसान हुआ। हादसे के बाद वुड्स को गिरफ्तार किया गया और उन्होंने कोर्ट में खुद को निर्दोष बताया था।
वुड्स को किया गया था गिरफ्तार
अब बुधवार सुबह उनकी प्ली कॉन्फ्रेंस हियरिंग होनी है। कोर्ट नोटिस के मुताबिक वुड्स कोर्ट में पेश होंगे, हालांकि प्ली किस तरह की होगी, इसका खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार हादसे के वक्त वुड्स ने डिप्टी को बताया कि वह फोन देख रहे थे और रेडियो स्टेशन बदल रहे थे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सवालों का जवाब देते वक्त वुड्स के होश असंतुलित लग रहे थे। उनका ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया जिसमें अल्कोहल जीरो आया, लेकिन उन्होंने यूरिन टेस्ट देने से मना कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- सिस्टम से हारा चैंपियन: भारत के लिए 4 गोल्ड जीतने वाला खिलाड़ी सड़क किनारे सब्जी बेचने को मजबूर
पुलिस को उनकी पैंट की जेब से दो गोलियां मिलीं, जिन्हें बाद में हाइड्रोकोडोन बताया गया। वुड्स ने खुद माना कि उन्होंने कुछ प्रिस्क्रिप्शन दवाएं ली थीं। रिपोर्ट में लिखा है कि हादसे के बाद वुड्स बहुत ज्यादा पसीना बहा रहे थे, आंखें लाल थीं और पुतलियां फैली हुई थीं। कोर्ट रिकॉर्ड के मुताबिक वुड्स इलाज के लिए अमेरिका के बाहर एक इनपेशेंट फैसिलिटी में गए थे। जज डैरेन स्टील ने जुलाई में प्रॉसिक्यूटर्स को वुड्स के मेडिकल रिकॉर्ड और फार्मेसी से दवाओं का रिकॉर्ड देखने की इजाजत दी थी।
गोल्फ की दुनिया के सबसे बड़े नाम
50 साल के टाइगर वुड्स गोल्फ के सबसे बड़े नामों में से एक हैं। 1997 में मास्टर्स जीतने वाले पहले अश्वेत खिलाड़ी बने थे। उनके नाम 5 मास्टर्स, 4 PGA चैंपियनशिप, 3 US ओपन और 3 द ओपन टाइटल हैं, लेकिन चोटों, सर्जरी और विवादों ने उनके करियर को काफी प्रभावित किया है।
