स्पोर्ट्स

Thailand Open 2026: सात्विक-चिराग की जोड़ी ने किया विजयी आगाज

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के मेंस युगल के पहले दौर के मुकाबले में मंगलवार को यहां इंडोनेशिया के मोह पुत्रा एरवियांस्याह और बागास मौलाना की जोड़ी को शिकस्त दी। इस भारतीय जोड़ी ने शानदार आगाज किया है।

Image

सात्विक और चिराग- फाइल फोटो

बैंकॉक, (भाषा)। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के मेंस युगल के पहले दौर के मुकाबले में मंगलवार को यहां इंडोनेशिया के मोह पुत्रा एरवियांस्याह और बागास मौलाना की जोड़ी को शिकस्त दी। विश्व रैंकिंग में चौथे पायदान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने 64 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले को 21-19, 21-23, 21-10 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।

भारतीय जोड़ी शुरुआती गेम में एक समय 11-16 से पीछे चल रही थी। उन्होंने इसके बाद लगातार सात अंक जीतकर मुकाबले में वापसी की। इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए स्कोर 18-18 कर दिया, लेकिन सात्विक और चिराग ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहला गेम अपने नाम किया। दूसरा गेम बेहद करीबी रहा। दोनों जोड़ियों के बीच लंबी रैलियां देखने को मिलीं और ब्रेक तक भारतीय खिलाड़ियों ने मामूली बढ़त बना ली थी। ब्रेक के बाद इंडोनेशियाई जोड़ी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 17-14 की बढ़त हासिल कर ली। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने इसका दमदार जवाब दिया लेकिन इस गेम को मामूली अंतर से गंवा बैठे जिससे मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंच गया।

अंतिम गेम में हावी हुई भारतीय जोड़ी

सात्विक और चिराग तीसरे और अंतिम गेम में पूरी तरह हावी नजर आए। उन्होंने शुरुआत से बढ़त बनाई और ब्रेक तक 11-5 से आगे हो गए। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने मुकाबले पर पकड़ बनाए रखते हुए आसानी से यह गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारतीय जोड़ी का सामना अब अगले दौर में मलेशिया के ब्रायन जेरेमी गूंटिंग और मोहम्मद हैकाल से होगा।

इससे पहले पुरुष एकल क्वालीफिकेशन मुकाबले में मलेशिया के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ली जी जिया ने भारत के मानव चौधरी को 21-19, 21-18 से हराया। ली हाल ही में टखने और पीठ की चोट से उबरकर कोर्ट पर लौटे हैं। मिश्रित युगल क्वालीफिकेशन में भारत के एम जगलान और एल जगलान की जोड़ी को चीनी ताइपे के त्साई फू चेंग और सुंग यू ह्सुआन के खिलाफ 11-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। महिला एकल क्वालीफिकेशन में थाईलैंड की वाई केटकलिएंग ने भारत की ए शाहापुरकर को 21-5, 21-7 से शिकस्त दी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article