स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। थाईलैंड के दक्षिणी नारथिवात प्रांत के सुंगई गोलोक शहर में एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक 24 साल के थाई फुटबॉलर की मौत हो गई। साथ ही एक मलेशियाई खिलाड़ी समेत 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फुटबॉल फैंस ने दुखा जताया है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना लोकल टाइम के हिसाब से मंगलवार, शाम करीब 5:30 बजे हुई। अबू-X नोंग सिरिन और सैमकोल्ट टीमों के बीच भारी बारिश के बीच सैंटीफाप स्टेडियम में रीजनल गोलोक FA कप फुटबॉल टूर्नामेंट का सेमीफाइनल खेला जा रहा था। तभी खिलाड़ियों पर बिजली गिर गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
कुछ दिन पहले ही क्लब के साथ किया था कॉन्ट्रैक्ट
मरने वाले की पहचान सोफवान अवे के तौर पर हुई, जो थर्ड-टियर क्लब याला FC के विंगर के तौर पर खेलते थे। वह पत्तानी FC के लिए भी खेलते थे और इस दुखद घटना से कुछ दिन पहले ही उन्होंने याला के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया था। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इमरजेंसी मेडिकल टीम की पूरी कोशिश के बावजूद सोफवान को बचाया नहीं जा सका।
22 साल का खिलाड़ी घायल
मलेशिया की न्यूज एजेंसी बरनामा ने पुलिस चीफ थून सिरिखुंट के हवाले से लिखा, 'इमरजेंसी मेडिकल टीम ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन घटना में लगी गंभीर चोटों के कारण पीड़ित की मौत हो गई। इस बीच, इस घटना में घायल हुए मलेशियाई खिलाड़ी की पहचान 22 साल के मोहम्मद अलिफ एजाहान ज़ुल्किफली के रूप में हुई है।
एसोसिएशन ने जताया दुख
याला FC और थाईलैंड फुटबॉल एसोसिएशन ने सोफवान की मौत पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। फुटबॉल एसोसिएशन ने कहा, 'एसोसिएशन इस नुकसान पर शोक जताता है और दुख की इस घड़ी में परिवार, इसमें शामिल लोगों और फुटबॉल क्लब के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है।
अधिकारियों ने परिवार वालों से की मुलाकात
FC याला क्लब के डायरेक्टर निमित फुमप्रासर्ट, निउमा डुएरामे, डॉन हवांग, सबरी इसो और दूसरे अधिकारियों के साथ, सफवान अवे के परिवार से मिलने गए और उन्हें अपनी संवेदनाएं और सपोर्ट दिया। इस बीच, घायलों का इलाज सुंगई गोलोक हॉस्पिटल में चल रहा है।
