स्पोर्ट्स

Syed Modi International Super 300: पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और प्रियांशु राजावत ने की सेमी-फाइनल में एंट्री

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू और लक्ष्य सेन सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला और पुरूष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।

Image

पीवी सिंधू

लखनऊ: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू और लक्ष्य सेन सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला और पुरूष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। शीर्ष वरीयता प्राप्त दो बार की चैम्पियन सिंधू ने चीन की दाइ वांग को 48 मिनट तक चले महिला एकल क्वार्टर फाइनल में 21-15,21-17 से हराया। वहीं 2021 विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता लक्ष्य ने पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में मेराबा लुवांग मेस्नाम को 21-8, 21-19 से शिकस्त दी।

प्रियांशु भी पहुंचे सेमीफाइनल में

दूसरे वरीय प्रियांशु राजावत ने भी पुरुष एकल में हांगकांग के एनगुयेन हाई डांग को 21-13 21-8 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सिंधू ने जीत के बाद कहा,'आज का मैच अहम था। वह भले ही निचली रैंकिंग वाली खिलाड़ी है लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैंने अपनी गलतियां सुधार ली हैं और उन्हें नहीं दोहराऊंगी। मैंने शुरू से आक्रामक खेल दिखाया।'

उन्नति से भिड़ेंगी सिंधु, लक्ष्य की होगी शोगो ओटावा से भिड़ंत

सिंधू विश्व रैंकिंग में 18वें और वांग 118वें स्थान पर हैं। अब उनका सामना भारत की ही उन्नति हुड्डा से होगा जबकि लक्ष्य जापान के शोगो ओगावा से खेलेंगे। प्रियांशु का सामना चौथे वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह से होगा। लक्ष्य ने कहा,'यह अच्छा मैच था । मैं प्रदर्शन से खुश हूं। दूसरा गेम कठिन था लेकिन यह अच्छी बात है कि मैं जीत सका।'

ओडिशा ओपन 2022 विजेता हुड्डा ने अमेरिका की इशिका जायसवाल को 21-16,21-9 से हराया। शीर्ष वरीय तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने भी महिला युगल के अंतिम चार में जगह बना ली। उन्होंने हमवतन प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा पर 21-12, 17-21, 21-16 से जीत दर्ज की। महिला युगल में दूसरी वरीयता प्राप्त त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने छठी वरीयता प्राप्त गो पेइ की और तियो मेइ शिंग को 21-8, 21-15 से शिकस्त दी।

मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में पहुंची ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी

मिश्रित युगल में पांचवीं वरीयता प्राप्त ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो ने मलेशिया के लू बिंग कुन और हो लो इ को 21-16,21-13 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पुरुष युगल में पी कृष्णामूर्ति रॉय और सा प्रतीक के का सामना सेमीफाइनल में हमवतन ईशान भटनागर और एस प्रसाद उदयकुमार की जोड़ी से होगा। आठवीं वरीयता प्राप्त आयुष शेट्टी पुरुष एकल में ओगावा से 7-21, 14-21 से हारकर बाहर हो गए। महिला एकल में तसनीम मीर और श्रियांशी वी भी क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article