रावलपिंडी: पदार्पण करने वाले खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की शृंखला के पहले टेस्ट के दूसरे दिन मंगलवार को यहां अपनी स्थिति मजबूत कर ली। पाकिस्तान ने नौ विकेट पर 434 रन बनाकर पारी घोषित की और इसके बाद श्रीलंका के 114 रन तक तीन विकेट झटक लिए। खराब रोशनी के कारण दिन का खेल 26 ओवर पहले ही रोकना पड़ा। श्रीलंका पहली पारी में अब भी 320 रन पीछे है जबकि उसके सात विकट शेष हैं।
शाकिब खान ने चटकाए 2 विकेट
पाकिस्तान की ओर से इस मैच में पदार्पण करने वाले चार खिलाड़ियों में शामिल शाकिब खान ने 54 रन देकर दो विकेट झटके। उन्हें नयी गेंद से अनुभवी मोहम्मद अब्बास का अच्छा साथ मिला। दोनों ने अपने-अपने दूसरे ओवर में एक-एक विकेट लेकर श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 12 रन कर दिया। साकिब ने इसके बाद लाहिरू उदारा को 42 रन के निजी स्कोर पर आउट कर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया। दिन का खेल समाप्त होने तक कामिंदु मेंडिस 40 और धनंजय डी सिल्वा 22 रन बनाकर क्रीज पर थे। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 49 रन की अटूट साझेदारी हो चुकी थी।
पाकिस्तान के पांच बल्लेबाजों ने जड़े अर्धशतक
इससे पहले पाकिस्तान ने दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 281 रन से आगे से की। इस समय 57 से बल्लेबाजी शुरू करने वाले सऊद शकील 93 रन बनाकर शतक से चूक गए। उन्होंने 193 गेंदों की पारी में गाजी घोरी (48) के साथ छठे विकेट के लिए 96 और अराफात मिन्हास (52) के साथ सातवें विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की। पाकिस्तान की ओर से पहली पारी में पांच बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए, जिनमें तीन पदार्पण करने वाले खिलाड़ी शामिल रहे। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने तीन विकेट लिए।
(भाषा)
