स्पोर्ट्स

Syed Modi International Super 300: क्वार्टर फाइनल में पहुंचे पीवी सिंधू ,लक्ष्य सेन और प्रियांशु राजावत

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है।

Image

लक्ष्य सेन

लखनऊ: स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने गुरुवार को कड़े मुकाबले में हमवतन ईरा शर्मा को तीन गेम में हराकर सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और दुनिया की 18वें नंबर की खिलाड़ी सिंधू को 147वें नंबर की खिलाड़ी ईरा के खिलाफ दूसरे दौर के मुकाबले में 21-10, 12-21, 21-15 से जीत दर्ज करने के दौरान 49 मिनट तक जूझना पड़ा।

क्वार्टर फाइनल में पहुंची फॉर्म से जूझ रही सिंधू

सिंधू पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रही हैं और उन्होंने पिछला खिताब 2022 में सिंगापुर ओपन में जीता था। यह 29 वर्षीय भारतीय अगले दौर में चीन की दुनिया की 118वें नंबर की खिलाड़ी डाइ वैंग से भिड़ेंगी। वैंग ने दूसरे दौर में भारत की देविका सिहाग को 19-21, 21-18, 21-11 से हराया।

लक्ष्य ने दी इजरायली खिलाड़ी को मात

शीर्ष वरीय लक्ष्य सेन ने हालांकि पुरुष एकल के दूसरे दौर के मुकाबले में इजराइल के दानिल डुबोवेंको के खिलाफ सीधे गेम में 35 मिनट में 21-14 21-13 की जीत के साथ अंतिम आठ में जगह बनाई।लक्ष्य क्वार्टर फाइनल में मेइराबा लुवांग के खिलाफ खेलेंगे जिन्होंने आयरलैंड के छठे वरीय एनहाट एनगुएन को 21-15,21-13 से हराया। पुरुष एकल के अन्य मुकाबलों में भारत के आयुष शेट्टी ने मलेशिया के होह जस्टिन को 21-12 21-19 से हराया जबकि तीसरे वरीय किरण जॉर्ज को जापान के शोगो ओगावा के खिलाफ 21-19,20-22,11-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

प्रियांशु राजावत भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

भारत के दूसरे वरीय प्रियांशु राजावत ने भी वियतनाम के ली डुक फाट को 21-15, 21-8 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। महिला एकल में भारत की 17 साल की गैरवरीय खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने दूसरे दौर में उलटफेर करते हुए थाईलैंड की पोर्नपिचा चोइकीवोंग को 46 मिनट में 21-18 22-20 से हराया। दूसरी वरीय मालविका बंसोड़ को हालांकि 17 वर्षीय हमवतन भारतीय श्रीयांशी वलिशेट्टी के खिलाफ 12-21 15-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। दुनिया की पूर्व नंबर एक जूनियर खिलाड़ी तस्नीम मीर ने भी हमवतन अनुपमा उपाध्याय को 21-15 13-21 21-7 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article