स्पोर्ट्स

सुनील छेत्री ने 40 साल की उम्र में किया संन्यास से वापसी की फैसला, जानिए क्या है वजह

भारत के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री ने टीम की मदद के लिए संन्यास से वापसी का फैसला किया है। जानिए किस दिन वो टीम इंडिया की जर्सी में खेलते आएंगे नज़र।

Image

सुनील छेत्री

नई दिल्ली: भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी सुनील छेत्री ने इस महीने होने वाले फीफा के मैत्री मैचों में राष्ट्रीय टीम की मदद के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय संन्यास से वापसी करने का फैसला किया है। देश में फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक दशक से अधिक समय तक राष्ट्रीय टीम की अगुआई करने वाले छेत्री 40 साल की उम्र में टीम में वापसी करेंगे।

वापस आ गए हैं सुनील छेत्री

एआईएफएफ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा,'सुनील छेत्री वापस आ गए हैं। कप्तान, नेतृत्वकर्ता, दिग्गज खिलाड़ी मार्च में फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो के लिए भारतीय राष्ट्रीय टीम में वापसी करेगा।' वर्ष 2005 में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पदार्पण करने वाले छेत्री ने भारत के सर्वकालिक शीर्ष गोल स्कोरर और सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी के रूप में खेल को अलविदा कहा था। कोच मनोलो मारक्वेज ने मार्च की फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो (अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए निर्धारित समय) के लिए छेत्री को 26 खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया है। यह कदम उनके शानदार करियर के बाद संन्यास की घोषणा के एक साल से भी कम समय बाद आया है जिसे एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है जिसे भरना अभी बाकी है।

39 साल की उम्र में लिया था संन्यास

छेत्री 39 वर्ष की आयु तक शीर्ष स्तर पर खेले और 94 अंतरराष्ट्रीय गोल के साथ खेल के शीर्ष स्कोरर में से एक के रूप में अपने करियर का अंत किया। विश्व फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा की अगुआई में फुटबॉल जगत ने छेत्री की सराहना की थी। फीफा ने इससे पहले 2022 में लंबे समय तक सेवा देने वाले भारतीय कप्तान पर एक वृत्तचित्र जारी किया था। ‘कैप्टन फैंटास्टिक’ शीर्षक के इस वृत्तचित्र में तीन भाग - किक ऑफ, मिड-गेम और एक्सट्रा टाइम थे। क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनेल मेस्सी और अली डेई के बाद छेत्री पुरुष फुटबॉल में चौथे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।

कुवैत के खिलाफ खेला था आखिरी मैच

छेत्री ने पिछले साल छह जून को कोलकाता में कुवैत के खिलाफ फीफा विश्व कप क्वालीफाइंग मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह दिया था। भारतीय टीम 25 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ एएफसी एशियाई कप सऊदी अरब 2027 क्वालीफायर के अंतिम दौर के शुरुआती मैच की तैयारी के लिए 19 मार्च को मालदीव के खिलाफ एक मैत्री मैच खेलेगी। मारक्वेज ने कहा,'एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। टूर्नामेंट और आगे के मैचों के महत्व को देखते हुए मैंने सुनील छेत्री से राष्ट्रीय टीम को मजबूत करने के लिए वापसी करने के बारे में चर्चा की। वह सहमत हो गए और इसलिए हमने उन्हें टीम में शामिल किया है।'

बेंगलुरू एफसी के लिए छेत्री ने किए हैं मौजूदा सीजन में 12 गोल

संन्यास के बाद से छेत्री ने इंडियन सुपर लीग में बेंगलुरू एफसी के लिए खेलना जारी रखा। उन्होंने इस सत्र में अब तक 23 मैच में 12 गोल किए हैं और इस तरह से वह लीग में सबसे अधिक गोल करने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। शिलांग का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम भारतीय सीनियर पुरुष टीम के दो मैच की मेजबानी करेगा। भारत को एशियाई कप के लिए बांग्लादेश, हांगकांग और सिंगापुर के साथ क्वालीफाइंग ग्रुप में रखा गया है। टूर्नामेंट के पिछले सत्र में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। टीम अपने सभी मैच हारने के बाद ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई थी।

मार्च 2025 फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो के लिए भारत की 26 सदस्यीय टीम:

गोलकीपर:

अमरिंदर सिंह, गुरमीत सिंह, विशाल कैथ।

डिफेंडर:

आशीष राय, बोरिस सिंह थांगजाम, चिंगलेनसाना सिंह कोनशाम, हिंगथनमाविया, मेहताब सिंह, राहुल भेके, रोशन सिंह, संदेश झिंगन, सुभाशीष बोस।

मिडफील्डर:

आशिक कुरुनियन, आयुष देव छेत्री, ब्रैंडन फर्नांडिस, ब्रिसन फर्नांडिस, जैकसन सिंह थोनाओजम, लालेंगमाविया, लिस्टन कोलासो, महेश सिंह नाओरेम, सुरेश सिंह वांगजाम।

फॉरवर्ड:

सुनील छेत्री, फारुख चौधरी, इरफान याडवाड, लालियानजुआला चांगटे और मनवीर सिंह।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article