स्पोर्ट्स

17 MAY 2023 सुर्खियां खेल की: पंजाब की नजर जीत के साथ प्लेऑफ पर, तैयारी को परखने के लिए कल ऑस्ट्रेलिया के सामने उतरेगी हमारी टीम

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 17, 2023, 04:03 PM IST

17 May 2023 सुर्खियां खेल की: इंडियन प्रीमियर लीग के 64वें मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए पंजाब के लिए यह मुकाबला काफी अहम है।

Image

शिखर धवन और डेविड वॉर्नर। (फोटो- IPL/BCCI)

17 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें आईपीएल के 64वें मुकाबले में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7.30 बजे खेला जाएगा। यह मुकाबला दिल्ली से ज्यादा पंजाब के लिए अहम है, क्योंकि प्लेऑफ की रेस से दिल्ली की टीम लगभग बाहर हो चुकी है, जबकि पंजाब की उम्मीद अभी भी बरकरार है। वहीं, मुंबई के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करने वाले मोहसिन खान ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि अगर समय पर डॉक्टर के पास नहीं पहुंचता तो हाथ काटना पड़ता। इसके अलावा गुरुवार को भारतीय महिला हॉकी टीम का दुनिया के तीसरे नंबर की टीम ऑस्ट्रेलिया से सामना होगा।

पंजाब का आज दिल्ली से भिड़ंत

आईपीएल के 64वें मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। इस मैदान पर मौजूदा सीजन में पहली बार मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला दिल्ली से ज्यादा पंजाब के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि पंजाब की टीम 12 मैचों में 12 अंक के साथ पॉइंट टेबल में 8वें नंबर पर है। टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद अभी भी बरकरार है। वहीं, दिल्ली की टीम 12 मैचों में महज 8 अंक के साथ टेबल में 10वें नंबर पर है। टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।

भारतीय महिला हॉकी टीम तैयारी को परखने उतरेगी

भारतीय महिला हॉकी टीम गुरुवार से यहां शुरू होने वाले पांच मैचों के दौरे पर यहां दुनिया की तीसरे नंबर की टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ एशियाई खेलों की अपनी तैयारियों की शुरुआत करते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेगी। भारतीय टीम पहले तीन मैच ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीम के खिलाफ 18, 20 और 21 मई को खेलेंगे। टीम इसके बाद 25 और 27 मई को ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ का सामना करेगी। अनुभवी गोलकीपर सविता की अगुवाई में आठवीं रैंकिंग की टीम इस दौर पर खुद को आंकने का कोशिश करेगी।

जीत के साथ भारत ने खत्म किया सुदीरमन कप अभियान

खिताब की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुके भारत ने सुदीरमन कप बैडमिंटन टूर्नामेंट में ग्रुप सी के अपने अंतिम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया पर 4-1 से जीत के साथ अपने अभियान को खत्म किया। टूर्नामेंट के सबसे मुश्किल ग्रुप में शामिल भारत चीनी ताइपे से 1-4 और मलेशिया के खिलाफ 0-5 से हार के साथ पहले ही इस मिश्रित टीम चैंपियनशिप से बाहर हो गया था। एचएस प्रणय ने हालांकि केवल 28 मिनट में जैक यू पर 21-8 21-8 से शानदार जीत के साथ स्कोर बराबर कर दिया। भारत ने पीवी सिंधू के स्थान पर अनुपमा उपाध्याय को महिला एकल में उतारा और इस युवा खिलाड़ी ने निराश नहीं किया।

सर्जरी में देरी होने पर काटना पड़ जाता हाथ

लखनऊ सुपरजायंट्स के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम को यादगार जीत दिलाने के बाद अपनी बीमारी का जिक्र करते हुए बताया कि अगर वह चिकित्सकों के पास सही समय पर नहीं पहुंचते तो उनका हाथ भी काटना पड़ सकता था। मुंबई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी। क्रीज पर टिम डेविड और कैमरून ग्रीन जैसे आक्रामक बल्लेबाज थे लेकिन मोहसिन ने शानदार गेंदबाजी कर टीम को यादगार जीत दिलाई। इस जीत से लखनऊ की टीम प्लेऑफ में जगह पक्की करने के करीब पहुंची।

जोकोविच ने इटालियन ओपन में नॉरी पर लगाया आरोप

नोवाक जोकोविच ने इटालियन ओपन टेनिस में कैमरून नॉरी के खिलाफ 6-3 6-4 की जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की करने के बाद ब्रिटेन के इस खिलाड़ी के खिलाफ मैच के दौरान खेल भावना के विपरीत आचरण करने का आरोप लगाया। सर्बिया के इस खिलाड़ी ने लगातार 17वीं बार इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद कहा कि नॉरी ने इस मुकाबले में कई बार बुरा बर्ताव किया। मैच के दूसरे सेट में जोकोविज के अंक गंवाने के बाद भी नॉरी ने गेंद पर प्रहार किया जो 22 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन के पिंडलियों में जाकर लगी। जोकोविच ने इस बात को भी मुद्दा बनाया कि नॉरी ने मैच खत्म होने से ठीक पहले ‘मेडिकल टाइम आउट’ लिया।

इंटर मिलान चैम्पियंस लीग के फाइनल में

लौटारो मार्टिनेज के गोल के दम पर इंटर मिलान ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी एसी मिलान को दूसरे चरण के सेमीफाइनल मैच में 1-0 से हराकर एक दशक से अधिक समय में पहली बार यूएफा चैम्पियंस लीग फाइनल में जगह पक्की की। इंटर मिलान ने सेमीफाइनल के पहले चरण के मुकाबले को 2-0 से जीता था और मंगलवार को मैच के 74वें मिनट में मार्टिनेज के गोल ने एसी मिलान की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दी। कुल 3-0 के अंतर से जीत दर्ज करने वाले इंटर मिलान के सामने 10 जून को इस्तांबुल में खेले जाने वाले फाइनल में 14 बार के चैम्पियन रियाल मैड्रिड या मैनचेस्टर सिटी की चुनौती होगी।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article