स्पोर्ट्स

26 MAY 2023 सुर्खियां खेल की: दूसरे क्वालीफायर में डिफेंडिंग चैम्पियन के सामने उतरेगी सबसे सफल टीम, WTC चैम्पियन टीम पर होगी करोड़ों की बरसात

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 26, 2023, 05:43 PM IST

26 May 2023 सुर्खियां खेल की: इंडियन प्रीमियर लीग के क्वालीफायर-2 में डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस का सामना आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस से होगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर शाम 7.30 बजे खेला जाएगा। इस मुकाबले में दोनों टीमों की नजर जीत पर होगी।

Image

हार्दिक पंड्या, पैट कमिंस और रोहित शर्मा। (फोटो- IPL/BCCI और ICC)

26 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें आईपीएल के 16वें सीजन के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस का सामना सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस से होगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला मुकाबला हाईस्कोरिंग मुकाबला होगा सकता है, क्योंकि दोनों टीमों के खिलाड़ी फॉर्म में चल रहे हैं। वहीं, दोनों टीमों के खिलाड़ी जीत के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। वहीं, आईसीसी ने शुक्रवार को डब्ल्यूटीसी फाइनल के प्राइज मनी की घोषणा की। इस दौरान विजेता टीम को 13.23 करोड़ रुपए इनामी राशि के तौर पर मिलेंगे, जबकि उपविजेता को 6.61 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस बीच, दो बार की ओलंपिक चैम्पियन पीवी सिंधु मलेशिया मास्टर्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। वहीं, किदांबी श्रीकांत को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

गुजरात का आज क्वालीफायर-2 में मुंबई से होगा सामना

आईपीएल के 16वें सीजन के क्वालीफायर-2 में डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस का सामना आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस से होगा। यह मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। इस मुकाबले में दोनों टीमों की नजर जीत पर होगी, क्योंकि इस मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम को फाइनल का टिकट मिल जाएगा। वहीं, इस मैदान पर 28 मई को होने वाले खिताबी मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स से सामना होगा।

WTC Final विजेता को मिलेंगे 13.23 करोड़ रुपए

भारत और आस्ट्रेलिया के बीच विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के विजेता को 13.23 करोड़ रुपए इनामी राशि के तौर पर मिलेंगे, जबकि उपविजेता को 6.61 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। आईसीसी ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल सात से 11 जून तक ओवल पर खेला जाएगा। टूर्नामेंट की प्राइज मनी उतनी ही है जितनी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2019-21 की थी। उस समय केन विलियमसन की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम ने 13.23 करोड़ रुपये राशि और चमचमाती गदा जीती थी।

सिंधू मलेशिया मास्टर्स के सेमीफाइनल में

दो बार की ओलंपिक चैम्पियन पीवी सिंधू मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गई, जिसने महिला सिंगल्स में चीन की यि मान झांग को हराया। छठी वरीयता प्राप्त सिंधू ने निचली रैंकिंग वाली झांग को 21-16, 13-21, 22-20 से मात दी। विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर काबिज सिंधू ने 18वीं रैंकिंग वाली झांग से आल इंग्लैंड ओपन के अंतिम 32 दौर में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। सिंधू का सामना दुनिया की नौवें नंबर की खिलाड़ी इंडोनेशिया की ग्रेगोरिया मारिस्का टी से होगी। पुरूष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत को इंडोनेशिया के क्वालीफायर क्रिस्टियन एडिनाटा ने 16-21, 21-16, 21-11 से हरा दिया।

पाक के खिलाफ जीत की लय बरकरार रखने उतरेगा भारत

दो शानदार जीत के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम जूनियर पुरूष हॉकी एशिया कप के पूल ए के अगले मैच में उस लय को कायम रखना चाहेगी चूंकि चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ किसी कोताही की गुंजाइश नहीं है। भारत ने पहले मैच में चीनी ताइपै को 18 . 0 से हराया । इसके बाद जापान को 3-1 से मात दी। भारत की असल परीक्षा पाकिस्तान के खिलाफ होगी जिसने चीनी ताइपै को 15-1 से और थाईलैंड को 9-0 से शिकस्त दी है। भारतीय कप्तान उत्तम सिंह ने कहा कि दो जीत के बाद उनकी टीम का मनोबल बढा है लेकिन स्वीकार किया कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला कड़ा होगा।

बीएफआई ने वारबर्टन को सब जूनियर कोच किया नियुक्त

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने शुक्रवार को जॉन वारबर्टन को भारत का सब जूनियर टीम का कोच नियुक्त किया जो जमीनी स्तर पर खेल के विकास पर फोकस करेंगे। चार दशक का कोचिंग का अनुभव रखने वाले वारबर्टन 1984 से इंग्लैंड में खेल से जुड़े रहे हैं। वह फिलहाल कर्नाटक के बेल्लारी में जेएसडब्ल्यू इंस्पायर इंस्टीट्यूट आफ स्पोर्ट में मुक्केबाजी प्रमुख हैं। भारत के प्रतिभावान मुक्केबाजों मंजू बंबोरिया, मनीषा मून और निशांत देव को तैयार करने में उनकी अहम भूमिका रही है।

अदिति दूसरा मैच जीती, नॉकआउट में जगह बनाने की दौड़ में

भारत की अदिति अशोक ने अमेरिका की कैरोलिन इंगलिस को दूसरे मैच में हराकर एलपीजीए मैच प्ले गोल्फ में नॉकआउट में प्रवेश की उम्मीदें कायम रखी हैं। पहले मैच में पराजय के बाद अदिति ने वापसी करते हुए यह जीत दर्ज की। अब उनका सामना जेनिफर कुपचो से होगा, जबकि इंगलिस की टक्कर पेराइन डेलाकूर से होगी। टूर्नामेंट में 64 खिलाड़ियों को 16 समूहों में बांटा गया है और हर समूह के विजेता को नॉकआउट में जगह मिलेगी।

बैडमिंटन एशिया जूनियर चैम्पियनशिप के लिए ट्रायल कराएगा बाई

भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) एशियाई जूनियर चैम्पियनशिप के लिए करनैल सिंह स्टेडियम पर चार से सात जून तक चयन ट्रायल का आयोजन करेगा। एशियाई जूनियर चैम्पियनशिप इंडोनेशिया में सात से 16 जुलाई तक खेली जाएगी। खिलाड़ियों का चयन ट्रायल में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। ट्रायल में शीर्ष आठ लड़के और लड़कियां भाग लेंगे, जबकि युगल में शीर्ष चार जोड़ियां खेलेंगी। ये रैंकिंग गुवाहाटी में इस महीने हुए अखिल भारतीय जूनियर रैंकिंग टूर्नामेंट से तय हुई हैं। भारत ने अब तक इस चैम्पियनशिप में दो गोल्ड, एक सिल्वर और छह ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article