दोहा: स्पेन (Spain Football team) के मिडफील्डर गावी (Gavi) विश्व कप इतिहास में गोल करने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बने और 1958 में ब्राजील (Brazil Football team) के महान खिलाड़ी पेले (Pele) के बाद सबसे युवा फुटबॉलर बने। गावी ने मैच के 74वें मिनट में गोल दागा। स्पेन ने बुधवार को कोस्टा रिका (Costa Rica football team) को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से पटखनी दी।
जब गावी मैदान पर मैच की शुरूआत करने उतरे तो वो प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्पेन का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे युवा (18 साल, 110 दिन) खिलाड़ी बने। गावी ने एक अनुवादक के जरिये कहा, 'मैंने इस उम्र में यहां पहुंचने का कभी सपना नहीं देखा था। मैं यहां आकर बहुत खुश हूं। यह सिर्फ पहला कदम है। मुझे लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है।'
1958 में ब्राजील ने फाइनल में स्वीडन को मात दी थी, तब पेले ने 17 साल, 249 दिन की उम्र में गोल दागा था। विश्व कप में क्वार्टर फाइनल में गोल करके उन्होंने सबसे युवा स्कोरर होने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। मैक्सिको के मैनुएल रोसास दूसरे सबसे युवा स्कोरर हैं। उन्होंने 1930 में 18 साल, 93 दिन की उम्र में गोल दागा था। वहीं स्पेन के गावी 18 साल, 110 दिन की उम्र में गोल करके तीसरे सबसे युवा स्कोरर बने।
गावी ने कहा, 'यह शानदार मैच था। हमने पहले ही मिनट से इस मैच को जीतने की कोशिश की और मैं बहुत खुश हूं। अब मुझे अगले मैच का इंतजार है। मैं एमवीपी जीतकर खुश हूं, लेकिन आज हम सभी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मैं सभी के लिए बहुत खुश हूं। मैं जानता हूं कि टीम में सबसे युवा हूं और सभी की इज्जत करता हूं। मगर मैदान की बात अलग हैं और मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया। मुझे गर्व महसूस हो रहा है।'
वैसे, स्पेन के लिए भी यह जीत रिकॉर्ड से भरी रही। स्पेन ने रिकॉर्ड (1043) पास किया और विरोधी टीम को गोल के लिए एक भी शॉट नहीं जमाने दिया। 1966 के बाद विश्व कप मैच में स्पेन ने 81.3 प्रतिशत गेंद अपने कब्जे में रखी, जो एक रिकॉर्ड है। स्पेन ने इस मुकाबले में अपना 100वां गोल दागा। स्पेन ने विश्व कप इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
