कुआलालंपुर (मलेशिया): भारत के दिग्गज पहलवान और मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) खिलाड़ी संग्राम सिंह ने पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली को महज एक मिनट 20 सेकंड में नॉकआउट करते हुए ’स्ट्राइक एशिया’ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बहुचर्चित मुकाबले में संग्राम शुरुआत से ही पूरी तरह आक्रामक नजर आए। उन्होंने पहले ही दौर में सटीक और दमदार प्रहारों से आबिद अली को संभलने का कोई मौका नहीं दिया।
80 सेकेंड में चटाई पाकिस्तानी खिलाड़ी को धूल
उन्होंने केवल 80 सेकंड में मुकाबला समाप्त कर खिताब जीतने के साथ एमएमए में अपने अपराजित पेशेवर रिकॉर्ड को भी बरकरार रखा। संग्राम ने खिताब जीतने के बाद कहा,'यह जीत मेरे देश भारत के 147 करोड़ देशवासियों को समर्पित है। जब भी मैं मुकाबले के लिए उतरता हूं तो मेरे साथ पूरे देश की उम्मीदें और तिरंगे का सम्मान होता है। यह खिताब भारत माता को समर्पित है।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जापान ओपन जीतने पर PM मोदी ने बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू को दी बधाई
अपनी श्रेष्ठता सिद्ध कर चुके हैं संग्राम सिंह
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है। संग्राम इससे पहले भी पाकिस्तान के अली रजा नासिर, ट्यूनीशिया के हाकिम त्राबेलसी और फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को पराजित कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध कर चुके हैं।
हमेशा याद रखी जाएगी ये जीत
पाकिस्तानी खिलाड़ी के खिलाफ इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले में संग्राम सिंह की जीत को इस साल एमएमए के सबसे बड़ पलों में से एक के रूप में याद रखा जाएगा। जीत के बाद संग्राम ने यह खिताब भारत के लोगों को समर्पित किया और कहा कि जब भी वह किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं, तो देश के सपने और गौरव को अपने साथ लेकर चलते हैं।
(भाषा)
