स्पोर्ट्स

जापान ओपन जीतने पर PM मोदी ने बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू को दी बधाई

PV Sindhu: प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर लिखा, ’’भारतीय बैडमिंटन के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। जापान ओपन 2026 का खिताब जीतने पर पीवी सिंधू को हार्दिक बधाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनके दृढ़ संकल्प और शानदार खेल का प्रदर्शन देखने को मिला।’’

Image

पीएम मोदी ने पीवी सिंधू को दी बधाई (फोटो साभार- pvsindhu1/PTI)

PV Sindhu: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू को जापान ओपन 2026 का खिताब जीतने पर रविवार को बधाई देते हुए इसे भारतीय बैडमिंटन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। सिंधू ने रविवार को तोक्यो में खेले गए फाइनल में जीत दर्ज कर जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर लिखा, ’’भारतीय बैडमिंटन के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। जापान ओपन 2026 का खिताब जीतने पर पीवी सिंधू को हार्दिक बधाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनके दृढ़ संकल्प और शानदार खेल का प्रदर्शन देखने को मिला।’’ उन्होंने कहा कि सिंधू का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनना इस उपलब्धि को और भी विशेष बनाता है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि सिंधू की यह सफलता देशभर के अनगिनत युवा खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।

गौरतलब है कि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने जापान ओपन में शानदार आक्रामक बैडमिंटन खेलते हुए स्थानीय प्रबल दावेदार अकाने यामागुची को सीधे गेम में हराकर पहली बार सुपर 750 टूर्नामेंट का खिताब जीता। जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी 31 साल की सिंधू ने लगातार आक्रमण के साथ-साथ रणनीतिक अनुशासन और अहम पलों में संयम बनाए रखते हुए तीन बार की विश्व चैंपियन यामागुची को 21-17, 21-17 से हराया और लगभग दो साल में अपना पहला खिताब जीता।

सिंधू ने मैच के बाद कहा, ’’मैं बहुत खुश हूं, मेरे पास शब्द नहीं हैं क्योंकि पिछली जीत के बाद से 19 महीने बीत चुके थे।’’ उन्होंने कहा, ’’मुझे लगता है कि यह जीत मेरे लिए बहुत अहम थी क्योंकि फाइनल में खेलना या वहां तक पहुंचना एक बात है लेकिन जीतना और पोडियम पर खड़े होकर स्वर्ण पदक पाना बिल्कुल अलग बात है।’’ सिंधू ने कहा, ’’मैं खुश हूं कि मैं सकारात्मक स्थिति में हूं और मुझे लगता है कि इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। मैं अपने कोच, माता-पिता, सहयोगी स्टाफ और निश्चित रूप से अपने पति की बहुत आभारी हूं।’’ सिंधू ने अपना पिछला खिताब 2024 में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय में जीता था।

जापान ओपन की यह जीत 2019 में विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद उनकी सबसे बड़ी खिताबी जीत है। यामागुची छठी बार जापान ओपन के फाइनल में खेल रहीं थीं जबकि सिंधू ने पिछले चार साल में किसी पूर्ण मैच में जापान की इस खिलाड़ी को नहीं हराया था। इस साल की शुरुआत में मलेशिया ओपन में सिंधू ने यामागुची के पहले गेम के बाद हटने पर जीत दर्ज की थी। सिंधू ने किसी पूर्ण मैच में यामागुची के खिलाफ पिछली जीत 2022 में थाईलैंड ओपन में हासिल की थी। रविवार को भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। उन्होंने खेल को शानदार ढंग से नियंत्रित किया और सिर्फ ताकत की जगह रणनीतिक खेल दिखाया। जब भी यामागुची ने वापसी की कोशिश की तो सिंधू ने इसका कड़ा जवाब दिया।

मुकाबले में जबरदस्त स्मैश के साथ-साथ सिंधू का नेट पर सटीक खेल भी निर्णायक साबित हुआ। उन्होंने बार-बार शटल को नेट के करीब रखा जिससे यामागुची को शटल को ऊपर उठाने पर मजबूर होना पड़ा और उन्हें अपने पसंदीदा क्रॉस कोर्ट और बॉडी स्मैश लगाने के मौके मिले। सिंधू ने शुरुआत में 3-0 की बढ़त बनाई लेकिन भारतीय खिलाड़ी की सहज गलतियों से यामागुची ने स्कोर 3-3 कर दिया। शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों ने गलतियां कीं लेकिन फिर सिंधू ने नेट पर शानदार खेल दिखाकर 9-6 की बढ़त बना ली। भारतीय खिलाड़ी की लगातार दो गलतियों से यामागुची को वापसी का मौका मिल गया और उन्होंने बॉडी स्मैश से स्कोर 9-9 कर दिया। यामागुची ब्रेक तक 11-9 की बढ़त बनाने में सफल रहीं।

ब्रेक के बाद सिंधू ने 36 शॉट की जबरदस्त रैली जीतकर स्कोर 11-11 से बराबर कर दिया। एक जोरदार क्रॉस कोर्ट स्मैश से वह 13-12 से आगे हो गईं और फिर स्कोर 16-12 किया। जब स्कोर 17-15 था तब दोनों खिलाड़ियों के बीच 38 शॉट की शानदार रैली हुई जिसमें यामागुची ने बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन किया। इसके बाद सिंधू ने जापानी खिलाड़ी को बराबरी करने का मौका दे दिया। सिंधू ने क्रॉस कोर्ट स्मैश और यामागुची की गलती से स्कोर 19-17 किया। फिर यामागुची का शॉट नेट में उलझ गया जिससे सिंधू को तीन गेम प्वाइंट मिले और फिर भारतीय खिलाड़ी ने कोने में सटीक शॉट खेलकर गेम जीत लिया। सिंधू ने दूसरे गेम में भी अपनी लय बनाए रखी। 44 शॉट की एक और थका देने वाली रैली तब खत्म हुई जब यामागुची का शॉट बाहर चला गया। सिंधू ने लगातार छह अंक के साथ 8-3 की बढ़त बनाई। यामागुची ने वापसी करते हुए स्कोर 7-8 कर दिया लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने ब्रेक तक 11-7 की बढ़त बना ली।

सिंधू ने अपनी बढ़त को 14-7 किया लेकिन जापान की खिलाड़ी ने एक बेहतरीन नेट शॉट, डीप फ्लैट पुश और भारतीय खिलाड़ी की कुछ गलतियों की मदद से अंतर को 12-14 कर दिया। नेट पर एक गलती ने यामागुची की लय तोड़ी। दो जोरदार स्मैश से सिंधू ने स्कोर 17-14 किया और फिर 19-17 तक पहुंचाया। जापान की खिलाड़ी ने इसके बाद एक रिटर्न बाहर मारा और नेट पर गलती करके सिंधू को तीन चैंपियनशिप अंक दे दिए। यामागुची ने रिटर्न बाहर मारकर खिताब सिंधू की झोली में डाल दिया। वीडियो रिव्यू के बाद लाइन कॉल को सही माना गया जिसके बाद सिंधू ने अपने कोच को गले लगा लिया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article