स्पोर्ट्स

रुबी व्हाइट को हराकर गोल्ड की 'साक्षी' बनी हरियाणा की बेटी, बॉक्सिंग में भारत को चौथा मेडल

भारत की साक्षी चौधरी ने 51 किलोग्राम भारवर्ग का फाइनल मुकाबला जीत लिया। यह कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का तीसरा गोल्ड जबकि चौथा मेडल है। उन्होंने ब्ल्यू कॉर्नर में खेल रही इंग्लैंड की बॉक्सर के खिलाफ एकतरफा जीत हासिल की।

Image

साक्षी चौधरी (साभार-AI Image)

भारत की साक्षी चौधरी ने भारत को बॉक्सिंग में तीसरा गोल्ड दिला दिया। 51 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में साक्षी ने इंग्लैंड की रुबी व्हाइट को हराकर गोल्ड पर कब्जा जमाया। उन्होंने एकतरफा जीत हासिल करते हुए इंग्लैंड की रुबी व्हाइट को 5-0 से पटखनी दी। रिंग में साक्षी का पंच इतना दमदार की सभी जजों ने तीनों राउंड में उनके पक्ष मे फैसला सुनाया। साक्षी ने तीनों राउंड क्रमश: 10-9, 10-9 और 10-9 से अपने पक्ष में किया। इस भारवर्ग में दो ब्रोंज मेडल क्रमश: कनाडा की जैन अंबर वॉल और नामीबिया के मोनिक मिस्चा एरीज ने जीता। साक्षी की इस जीत से भिवानी में जश्न का माहौल है। इसी गांव की प्रिया ने भी बॉक्सिंग में भारत को गोल्ड दिलाया।

भारतीय मुक्केबाज ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा, प्रतिद्वंदी के हमलों को प्रभावी ढंग से रोकते हुए, खासकर अपने दाहिने हाथ से तीखे जवाबी पंच बरसाए। व्हाइट ने मुकाबले के अंतिम क्षणों में वापसी करने की कोशिश की, लेकिन साक्षी डंटी रहीं और सर्वसम्मति से जीत हासिल कर ली। साक्षी के लिए यह जीत काफी अहम हैं, क्योंकि उन्होंने अपने वेट कैटेगरी में बदलाव किया था और निखत जरीन को हराकर CWG 2026 के लिए क्वालीफाई किया था।

बॉक्सिंग में भारत को चौथा मेडल

बॉक्सिंग में भारत का यह चौथा मेडल है, जिसमें 3 गोल्ड और एक सिल्वर मेडल शामिल है। सिल्वर मेडल 55 किलोग्राम भारवर्ग में जादुमणि ने जीता था। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के जाई डिक्सन से हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले भारतीय बॉक्सर जैसमीन लांबोरिया और प्रीति पवार ने राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के क्रमश: 57 किग्रा और 54 किग्रा वर्ग के फाइनल में जीत हासिल करके गोल्ड मेडल अपने नाम किए। प्रीति ने महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के फाइनल में कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो को एकतरफा 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद मौजूदा विश्व चैंपियन जैसमीन ने भी उत्तरी आयरलैंड की गत चैंपियन माइकेला वॉल्श को 5-0 के समान अंतर से मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article