स्पोर्ट्स

उन्नति शर्मा ने जूडो में दिलाया भारत को चौथा मेडल, 63 किलोग्राम भारवर्ग में जीता ब्रोंज

उन्नति शर्मा ने ब्रोंज मेडल अपने नाम कर लिया। यह जूडो में भारत का चौथा मेडल है। उन्नति ने अपने अभियान की शुरुआत प्री-क्वार्टर फाइनल में ईस्वातिन की लामुलेला मगागुला पर एक मिनट 39 सेकेंड में इप्पोन के जरिए शानदार जीत के साथ की।

Image

उन्नति शर्मा (साभार-AI Image)

भारत की उन्नति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका की स्काइ नोएस्टर को इप्पोन से हराकर ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं की 63 किलो भारवर्ग में ब्रोंज मेडल जीत लिया। उन्नति ने अपने अभियान की शुरुआत प्री-क्वार्टर फाइनल में ईस्वातिन की लामुलेला मगागुला पर एक मिनट 39 सेकेंड में इप्पोन के जरिए शानदार जीत के साथ की। जूडो में इप्पोन सबसे बड़ा स्कोर होता है और इसके साथ ही मुकाबला तुरंत समाप्त हो जाता है। क्वार्टर फाइनल में उन्नति ने न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी को कड़े मुकाबले में हराया। उन्होंने पहले एक युको अंक अर्जित किया और फिर वाजा-आरी के दम पर जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई। हालांकि, उन्नति को सेमीफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के साया मिडिलटॉन ने उन्नति को 2.43 मिनट तक चले मुकाबले में इप्पोन के जरिए हराया।

महिलाओं के 70 किग्रा से कम वजन वर्ग के क्वार्टर फाइनल में इनुंगानबी तकेल्लाम्बम कनाडा की चार्ली थिबॉल्ट से तीन मिनट 23 सेकेंड में इप्पोन से हार गईं। इनुंगानबी को रेपेशॉज राउंड में खेलने का मौका मिला लेकिन वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सकीं और इंग्लैंड की जेमिमा यिट्स ब्राउन से हार गईं।इसके अलावा करणजीत ने पुरुषों के 90 किग्रा से कम भार वर्ग में न्यूजीलैंड के एलियट कोनोली को तीन मिनट 29 सेकेंड में इप्पोन के जरिए हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। लेकिन अंतिम आठ के मुकाबले में वह कनाडा के गियोम गॉलिन से तीन मिनट और 29 सेकेंड में हार गए।

फिर रेपेशॉज राउंड में वह घरेलू प्रबल दावेदार स्कॉट क्यूसाक से हार गए।

जूडो में भारत का चौथा मेडल

उन्नति की जीत ने जूडो में भारत को चौथा मेडल दिला दिया। जूडो में भारत को पहला गोल्ड अस्मिता डे ने दिलाया। इसके बाद दिल्ली के हर्ष सिंह ने 60 किग्रा में गोल्ड मेडल जीता। एमपी की सागर की रहने वाली यामिनी मौर्य ने सिल्वर मेडल जीता।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article