स्पोर्ट्स

भारतीय खेल प्राधिकरण ने किया डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में ‘कम एंड प्ले' के नियमों में बड़ा बदलाव

भारतीय खेल प्राधिकरण ने डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में ’कम एंड प्ले’ योजना के तहत अभ्यास करने वाले निशानेबाजों के लिए नए नियम बनाए हैं।

Image

डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज( Dr Karni Singh Shooting Range) में ’कम एंड प्ले’ योजना के तहत अभ्यास करने वाले निशानेबाजों के लिए नए नियम बनाए हैं जिसमें रेंज के नियमों का उल्लंघन करने वाले निशानेबाजों पर अब एक सप्ताह का निलंबन लगाया जाएगा। शूटिंग रेंज के इस्तेमाल को लेकर उठी चिंताओं के बाद साइ ने ये नए प्रावधान लागू किए हैं। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले निशानेबाजों का पंजीकरण रद्द किया जा सकता है और उन्हें रेंज में प्रवेश से भी प्रतिबंधित किया जा सकता है।

खिलाड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी 10 लेन

मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) की एक प्रति पीटीआई के पास है। इसमें ’कम एंड प्ले’ निशानेबाजों के लिए प्रशिक्षण के समय और अधिकतम लेन उपयोग की सीमा तय की गई है। साथ ही ’नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एनसीओई) के खिलाड़ियों के लिए पूरे दिन 10 लेन आरक्षित रहेंगी। नए एसओपी के बारे में पूछे जाने पर रेंज के संयुक्त प्रशासक तमास सेठी और प्रशासक नितिन जायसवाल ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

नियमों का उल्लंघन करने पर लगेगा एक सप्ताह का प्रतिबंध

हालांकि नए एसओपी (Sop) के अनुसार अनुशासन संबंधी प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित क्षेत्रों में भोजन करना, प्रतिबंधित क्षेत्रों में माता-पिता या अभिभावकों की अनधिकृत मौजूदगी या हस्तक्षेप तथा हथियार या रेंज सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर ’फील्ड ऑफ प्ले’ के इस्तेमाल से एक सप्ताह के लिए निलंबित किया जाएगा। गंभीर या बार-बार किए गए उल्लंघनों की स्थिति में निलंबन की अवधि बढ़ाई जा सकती है। इसके अलावा ’कम एंड प्ले’ पंजीकरण रद्द (Registration) करने या शूटिंग रेंज के इस्तेमाल पर रोक लगाने का भी प्रावधान है।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article