स्पोर्ट्स

SAFF Championship 2023: नेपाल को पटखनी देकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jun 24, 2023, 11:04 PM IST

सुनील छेत्री की कप्तानी वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सैफ चैंपियनशिप के अपने दूसरे मुकाबले में नेपाल को 2-0 के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है।

Image

भारतीय फुटबॉल टीम(साभार ISL)

Photo : Twitter

बेंगलुरू: भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने सैफ चैंपियनशिप 2023 के अपने दूसरे मुकाबले में नेपाल को 2-0 से मात देकर अपना विजय अभियान जारी रखी और टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच में भारतीय टीम के लिए गोल कप्तान सुनील छेत्री (61')और महेश सिंह( 70') ने किए। नेपाली टीम मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी। भारतीय टीम ने दोनों गोल मैच के सेकेंड हाफ में किए। मैच के फर्स्ट हाफ में दोनों टीम गोल करने में नाकाम रहीं।

छेत्री और महेश ने किए गोल

पाकिस्तान को 4-0 के अंतर से मात देकर टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज करने वाली भारतीय टीम ने नेपाल को भी मैच में कोई मौका नहीं दिया। पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक जड़ने वाले सुनील छेत्री ने टीम के लिए 61वें मिनट में पहली गोल किया और 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद सत्तरवें मिनट में महेश सिंह ने भारतीय टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।

सेमीफाइनल में पहुंचा भारत

दो मैच में दो जीत के साथ भारतीय टीम के खाते में 6 अंक हो गए हैं। इसके साथ ही उसने ग्रुप ए से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत के साथ कुवैत की टीम भी इस ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंची है। कुवैत भी पाकिस्तान को 4-0 के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में पहुंची है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला 27 जून को कुवैत के साथ होगा। इस मुकाबले से ग्रुप में टॉप पर रहने वाली टीम का फैसला होगा। नेपाल और पाकिस्तान की टीमें अपने दोनों शुरुआती मैच गंवाकर सेमीफाइनल की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी हैं।

पहले हॉफ में दोनों के बीच हुई कड़ी टक्कर

मैच के पहले हॉफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने पहले हाफ में शानदार डिफेंस के साथ-साथ त्वरित आक्रमण का मुजाहिरा पेश किया। मैच के 21वें मिनट में भारतीय टीम को गोल करने का शानदार मौका मिला था लेकिन वो गेंद को गोल पोस्ट के अंदर नहीं पहुंचा सके।

सुनील छेत्री के खाते में दर्ज हुए 4 गोल

कप्तान सुनील छेत्री के टूर्नामेंट में गोलों की संख्या चार हो गई है। पाकिस्तान के खिलाफ तीन गोल उन्होंने किए और नेपाल के खिलाफ टीम का खाता खोलकर उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या को 91 तक पहुंचा दिया है। वो पहले ही दुनिया में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने के मामले में चौथे और एशिया में दूसरे पायदान पर पहुंच चुके हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article