INDIA Alliance Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे बवाल के बीच कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा और तेज कर दिया है। कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को ऐलान किया कि वोट के अधिकार की रक्षा के लिए INDIA गठबंधन सोमवार यानि 12 अक्टूबर को दिल्ली में बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगा।
12 अक्टूबर को बड़ा प्रदर्शन
वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा कि गठबंधन ने हाल ही में राष्ट्रपति से मिलकर अपनी चिंताएं जताई हैं और सोमवार को प्रधान न्यायाधीश (CJI) से भी मुलाकात करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह CEC ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जो उनके पतन का कारण बनेगा। उन्होंने कहा, "पीएम मोदी डरे हुए हैं, तभी मेट्रो स्टेशन बंद करवा रहे हैं।"
खरगे ने मोदी सरकार पर बोला हमला
इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके कहा कि सरकार ने ‘लोकतंत्र की जननी’ का गला घोंट दिया है। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ सवाल उठाने वाले युवाओं, छात्रों, वकीलों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसान नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है।
खरगे ने लिखा, "भाजपा और RSS की कायरता आज खुलकर सामने आ गई है। हिरासत, गिरफ्तारी, जेल, लाठीचार्ज और पैलेट गन भी देश के लोगों को उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाने से नहीं रोक सकते।" उन्होंने कहा, "कांग्रेस एकजुट विपक्ष के साथ सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ती रहेगी। हमने आजादी के लिए खून बहाया है, हम संविधान और मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे।"
शशि थरूर ने कहा- दिल्ली में युद्ध जैसी तैनाती
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दिल्ली में हुई सुरक्षा व्यवस्था को ‘युद्ध जैसी तैनाती’ करार दिया। उन्होंने कहा कि Gen-Z अघोषित आपातकाल से बेहतर का हकदार है। थरूर ने कहा कि चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल उठाने से रोकने के लिए राजधानी में बैरिकेडिंग, इंटरनेट बंद करने और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। बता दें कि आज दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के दौरान 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया।
