Roger Federer Return: टेनिस के महान खिलाड़ी और 20 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता रोजर फेडरर ने एक बार फिर रैकेट थामने का फैसला किया है। फेडरर ने रविवार को पुष्टि की कि वे 2025 शंघाई मास्टर्स में हिस्सा लेंगे। यह वापसी किसी साधारण मुकाबले के लिए नहीं, बल्कि “रोजर एंड फ्रेंड्स” सेलिब्रिटी डबल्स इवेंट के रूप में होगी जो 10 अक्टूबर को चीन के किज़ोंग स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। रोजर ने 3 साल पहले संन्यास का ऐलान किया था और इसके बाद से ये पहली बार है जब वे बड़े इवेंट में नजर आने वाले हैं।
सेलिब्रिटी डबल्स में दिखेगा टेनिस और मनोरंजन का संगम
'रोजर एंड फ्रेंड्स' इवेंट में दर्शकों को टेनिस और मनोरंजन का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। इस मुकाबले में फेडरर के साथ मशहूर अभिनेता वू लेई, मार्शल आर्टिस्ट और अभिनेता डॉनी येन, और दो बार की ग्रैंड स्लैम डबल्स चैंपियन तथा पूर्व वर्ल्ड नंबर 3 डबल्स खिलाड़ी झेंग जिए शामिल होंगी।
प्रमोशनल वीडियो में जताई खुशी
एक प्रमोशनल वीडियो में फेडरर ने कहा कि “हैलो, मैं रोजर हूं, और मैं शंघाई के किज़ोंग स्टेडियम में रोलेक्स शंघाई मास्टर्स के लिए वापसी कर बहुत खुश हूं।” उन्होंने आगे कहा, “शंघाई हमेशा से मेरे लिए खास रहा है, यहां के फैंस, यादगार पल और खेल के प्रति गहरा प्यार मुझे हमेशा खींच लाता है।”
2017 के बाद पहली बार शंघाई मास्टर्स में वापसी
फेडरर आखिरी बार 2017 में शंघाई मास्टर्स में खेले थे, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर अपना दूसरा सिंगल्स खिताब जीता था। इस बार भले ही यह एक प्रदर्शनी मैच होगा, लेकिन उनके प्रशंसकों के लिए यह उन्हें फिर से कोर्ट पर देखने का सुनहरा मौका होगा।
टेनिस दिग्गजों के साथ यादगार पल
हाल ही में फेडरर विम्बलडन के दौरान नजर आए थे, जहां उन्होंने अपने पुराने प्रतिद्वंदी नोवाक जोकोविच का मैच देखा। दर्शकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके अलावा, फ्रेंच ओपन में वे जोकोविच और एंडी मरे के साथ खड़े होकर राफेल नडाल को भावपूर्ण विदाई देने में भी शामिल हुए थे।
