स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू शनिवार को प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए लंदन जाते समय दुबई हवाईअड्डे पर फंस गईं। ऐसा अमेरिका और इजराइल के ईरान के खिलाफ हवाई हमले के बाद दुबई एयरपोर्ट से उड़ानें रद्द करने के चलते हुआ।
दुबई एयरपोर्ट से फ्लाइट का संचालन दोबार कब शुरू होगा इस बारे में अबतक कोई अपडेट उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में सिंधू वहां, फंस गईं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एयरपोर्ट का भयावह वीडियो शेयर किया था और मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद उन्हें दुबई अधिकारियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों की मदद से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। उन्होंने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी शेयर की।
हर घंटे भयावह
पीवी सिंधू ने लिखा, हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और हर घंटे भयावह होते जा रहे हैं। कुछ घंटे पहले, हवाई अड्डे पर जहां हम छिपे हुए थे, उसके पास ही एक धमाका हुआ। मेरे कोच को तुरंत उस जगह से भागना पड़ा, क्योंकि वे धुएं और मलबे के सबसे करीब थे। हम सभी के लिए वह बेहद तनावपूर्ण और डरावना पल था।
मैं सुरक्षित
सिंधू ने आगे लिखा, दुबई हवाई अड्डे के कर्मचारियों और दुबई अधिकारियों के अथक प्रयासों के कारण हम सभी अब सुरक्षित हैं और हमें एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। हमें सुरक्षित रखने में उनके अविश्वसनीय सहयोग और निरंतर सहायता के लिए दुबई स्थित भारतीय उच्चायोग का भी विशेष धन्यवाद। फिलहाल, हम आराम करने की कोशिश कर रहे हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार करते हुए उम्मीद बनाए हुए हैं।
टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर सवाल
ऐसे में सिंधू के ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सिंधू का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में प्रदर्शन खास नहीं रहा है वो साल 2017 से लगातार इसमें शिरकत कर रही हैं, लेकिन एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंच सकी है। साल 2018 और 2021 में सेमीफाइनल में पहुंची थीं। सिंधू पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी हैं।
