स्पोर्ट्स

Pickleball Now Grand Prix Day 1: मुंबई में राकिब मर्चेंट और भूमिका त्रिपाठी ने बिखेरी चमक, जीते कई खिताब

टूर्नामेंट के पहले दिन राकिब मर्चेंट और भूमिका त्रिपाठी शानदार प्रदर्शन करके कई खिताब अपने नाम किए। यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को ट्रॉफी के साथ-साथ IPBL प्लेयर ऑक्शन तक पहुंचने का मौका दे रहा है।

Image

मुंबई में शुरू हुए पिकलबॉल नाउ ग्रां प्री के पहले दिन राकिब मर्चेंट (दाएं) ने तीन खिताबी जीत के साथ सबका ध्यान खींचा,वहीं भूमिका त्रिपाठी (बाएं) ने दो खिताब जीतकर खुशी को दोगुना कर दिया।

मुंबई: पिकलबॉल नाउ ग्रैंड प्रिक्स की मुंबई में 23 जुलाई, 2026 को शानदार शुरुआत हुई। स्पर्धा के पहले दिन एडवांस और ओपन कैटेगरी में आठ फाइनल मुकाबले खेले गए जिसमें राकिब मर्चेंट और भूमिका त्रिपाठी विजेता बनकर उभरे। राकिब मर्चेंट के लिए पहला दिन यादगार रहा, उन्होंने तीन कैटेगरी में जीत हासिल की। राकिब ने रितेश जायसवाल के साथ मिलकर मेन्स डबल्स 19+ एडवांस्ड के फाइनल में सुदर्शन ढाकने और वरुण मित्तल को 11-5 के अंतर से मात दी। इसके बाद मर्चेंट और जायसवाल का मेन्स सिंगल्स ओपन फाइनल में आमना-सामना हुआ। ये दिन का सबसे कड़ा मुकाबला रहा। अंत में 11-9 के अंतर जीत दर्ज करके मर्चेंट एक और खिताब अपने नाम करने में सफल रहे।

इसके बाद राकिब ने विशाल जाधव के साथ मिलकर मेन्स डबल्स ओपन फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन किया और जीत हासिल की। इस जोड़ी ने पहले दिन का सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए सुदर्शन ढाकने और वरुण मित्तल को एकतरफा मुकाबले में 11-0 से हराने में सफल रहे। भूमिका त्रिपाठी दिन की दूसरी बड़ी विजेता रहीं, उन्होंने महिला वर्ग के दो खिताब अपने नाम किए। त्रिपाठी ने पहले विमेंस सिंगल्स 19+ एडवांस्ड फाइनल में आहना पंजाबी को 11-7 के अंतर से हराया और इसके बाद प्रियंका मेहता के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए विमेंस सिंगल्स ओपन फाइनल भी 15-3 के अंतर से अपने नाम कर लिया।

आरुष निट्टुरे ने वरुण मित्तल के खिलाफ 11-2 के अंतर से जीत दर्ज करके मेन्स सिंगल्स 19+ एडवांस्ड खिताब अपने नाम किया। महिलाओं के युगल मुकाबलों में, जूली चव्हाण और भक्ति बी ने बिंदिया अग्रवाल और समीरा लाला की जोड़ी को 11-5 से पटखनी देकर 'वीमेंस डबल्स 19+ एडवांस्ड' का खिताब अपने नाम किया। 'वीमेंस डबल्स ओपन' के फाइनल में गुरलीन सिंह और आहना पंजाबी की जोड़ी ने प्रियंका मेहता और उर्वी अभ्यंकर की जोड़ी को 11-8 से हराया। इसके साथ ही पहले दिन की स्पर्धाओं का समापन हो गया।

ये नतीजे इसलिए भी खास हैं क्योंकि मुंबई 'पिकलबॉल नाउ ग्रैंड प्रिक्स'टूर्नामेंट के लंबे सफर का पहला पड़ाव है। इस टूर्नामेंट का मकसद प्रतिस्पर्धी एमेच्योर पिकलबॉल से प्रोफेशनल गेम के लिए राह तैयार करना है।

पिकलबॉल नाउ ग्रैंड प्रिक्स ने 'इंडियन पिकलबॉल लीग'(IPBL) के साथ साझेदारी की है। इसके जरिए खिलाड़ियों को आईपीबीएल प्लेयर ऑक्शन में शामिल होने का मौका मिलेगा। इस PWR 700 सीरीज का आयोजन 13 शहरों में होगा और इसमें 50 लाख रुपये तक की इनामी राशि के साथ-साथ खिलाड़ियों को अहम रैंकिंग पॉइंट्स भी मिलेंगे। IPBL फ़्रैंचाइजी भी इन मुकाबलों पर बारीकी से नजर रखेंगी, जिससे उभरते टैलेंट की तलाश कर रही टीमों के सामने खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। IPBL के पहले सीज़न की विजेता टीम 'मुंबई स्मैशर्स' के प्रतिनिधि मुंबई लेग के दौरान खिलाड़ियों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।

मुंबई स्मैशर्स के मलिकाना हक वाली कंपनी 'नज़ारा टेक्नोलॉजीज़' के फाउंडर नीतीश मित्तरसैन ने कहा, 'भारत में पिकलबॉल तेज़ी से बढ़ रहा है और यहां टैलेंट की कोई कमी नहीं है। हमें 'पिकलबॉल नाउ ग्रांड प्रिक्स' के साथ साझेदारी करने और इस प्रतिष्ठित इवेंट को जीतने के लिए अनुभवी और नए टैलेंट के बीच मुकाबला देखने में खुशी हो रही है। इससे हमें अपनी टीम के लिए संभावित खिलाड़ियों को पहचानने का मौका भी मिलता है। मैं खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं।' मुंबई के बाद पिकलबॉल नाउ ग्रैंड प्रिक्स का आयोजन बेंगलुरु, हैदराबाद, गुरुग्राम, चेन्नई और लखनऊ (लखनऊ लेग नोएडा में खेला जाएगा) सहित 13 शहरों में होगा।

मुंबई लेग के पहले ही दिन प्रतिस्पर्धी पिकलबॉल के जरिए इस बात की झलक मिल गई कि यह सीरीज क्या हासिल करना चाहती है। विजेताओं के लिए ये तत्काल मिलने वाला इनाम है। PWR रैंकिंग पॉइंट्स और IPBL प्लेयर ऑक्शन तक पहुंचने की संभावित राह को देखते हुए मुंबई में किए उनके प्रदर्शन का और अधिक महत्व हो सकता है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article