नई दिल्ली: पाकिस्तान हॉकी टीम को अगले महीने भारत में एशिया कप और नवंबर दिसंबर में होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप में खेलने से रोका नहीं जायेगा क्योंकि ऐसा करना ओलंपिक चार्टर का उल्लंघन होगा , खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। हॉकी एशिया कप 29 अगस्त से सात सितंबर तक बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा जिसमें भारत सहित आठ टीमें भाग लेंगी। वहीं जूनियर हॉकी विश्व कप चेन्नई और मदुरै में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक खेला जायेगा।
सूत्र ने कहा,'हम किसी भी टीम के भारत में बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेने के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन द्विपक्षीय प्रतियोगिता अलग होती है। अंतरराष्ट्रीय खेल की मांग है कि हम भागीदारी से पीछे नहीं हट सकते। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है लेकिन वे बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में एक दूसरे से खेलते हैं।'
यह पूछने पर कि क्या सितंबर में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप क्रिकेट में खेलने की अनुमति दी जायेगी, सूत्र ने कहा,'बीसीसीआई ने अभी इस मसले पर संपर्क नहीं किया है। जब वे संपर्क करेंगे तो हम इस मसले पर बात करेंगे।'
भारत और पाकिस्तान की टीमों ने मई में ओमान में दसवीं एशियाई ‘बीच हैंडबॉल चैम्पियनशिप’ में एक दूसरे के खिलाफ खेला था। सूत्र ने कहा,'अगर हम उन्हें खेलने की अनुमति नहीं देते हैं तो यह ओलंपिक चार्टर का उल्लंघन होगा। इसलिये गृह और विदेश मंत्रालय से विमर्श के बाद खेल मंत्रालय ने अनुमति देने का फैसला किया है।'
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने इस घटनाक्रम पर भाषा से कहा,'अभी हमें औपचारिक सूचना का इंतजार है लेकिन यह हॉकी के लिये अच्छी खबर है। भारत और पाकिस्तान के हॉकीप्रेमी टीमों को एक दूसरे के खिलाफ खेलते देखना चाहते हैं।' पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के बाद जवाबी कार्रवाई में ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर सैन्य हमला किया था। दोनों देशों के बीच तनाव के कारण पाकिस्तान का भारत में खेलना मुश्किल लग रहा था। एशिया कप के अलावा नवंबर-दिसंबर में मदुरै और चेन्नई में होने वाले जूनियर विश्व कप में भी पाकिस्तान की भागीदारी का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
